जयपुर : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी और चुनाव आयोग पर गड़बड़ी करने के आरोपों के बाद अब कांग्रेस इस मामले को लेकर लगातार भाजपा और चुनाव आयोग पर हमलावर है. हाल ही में वोट चोरी के खिलाफ सभी जिलों में प्रदर्शन करने के बाद अब कांग्रेस 6 सितंबर को प्रदेश व्यापी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली का आयोजन करने जा रही है, हालांकि, प्रदेशव्यापी रैली जयपुर या चूरू में कराए जाने को लेकर पार्टी में उच्च स्तर पर मंथन चल रहा है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का दौरा तय : कांग्रेस की प्रदेशव्यापी रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी का दौरा भी तय हो गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसके संकेत देते हुए कहा कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने रैली में शामिल होने के लिए हामी भर दी है और उनका दौरा तय हो चुका है. प्रियंका गांधी का दौरा तय होते ही पार्टी रैली की तैयारी में भी जुट गई है. रैली को लेकर शुक्रवार रात उनकी बिहार में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल सहित कई अन्य नेताओं से मंत्रणा हुई थी.
डोटासरा ने बताया कि प्रदेशव्यापी रैली जयपुर या चूरू में से किसी एक स्थान पर कराई जा सकती है. प्रदेश के अन्य नेताओं के साथ चर्चा करके रैली का स्थान तय कर दिया जाएगा. वहीं, रैली में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित पार्टी के तमाम विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता व नेता भी शामिल होंगे.
कई मामलों को जोर-शोर से उठाएगी कांग्रेस : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि लोकसभा चुनाव में जयपुर ग्रामीण, कोटा, अलवर और बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में भी पार्टी को वोट चोरी की आशंका है और पार्टी अपने स्तर पर इन लोकसभा सीटों में हुई गड़बड़ी की जांच करवाएगी. इसके लिए इन सीटों के वोटिंग लिस्ट और रिकॉर्ड को भी मंगवाया गया है. 6 सितंबर को प्रदेशव्यापी रैली के बाद सभी जिलों में भी कांग्रेस 10 अक्टूबर तक अभियान चलाएगी, जो बूथ लेवल तक भी चलाए जाएंगे. घर-घर जाकर भी लोगों को वोट चोरी के मामलों से अवगत करवाया जाएगा.




















