राजधानी जयपुर के गोपालपुरा बायपास रोड पर स्थित कोचिंग में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने आत्महत्या करने की कोशिश की, हालांकि, लड़की को बचा लिया गया है, घटना शुक्रवार का बताया जा रहा है |
महेश नगर थाना एसएचओ गुंजन वर्मा ने बताया कि चूरू निवासी छात्रा पिछले कुछ समय से कोचिंग में अनुपस्थित चल रही थी, जिसके बाद उसके परिजन उससे मिलने आए थे. परिजनों के पहुंचने के बाद छात्रा ने अचानक से आत्महत्या की कोशिश की. हालांकि, कोचिंग के स्टाफ ने छात्रा को बचा लिया|
कोचिंग संचालकों ने छात्रा को उसके परिजनों के साथ भेज दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, यदि छात्रा के परिजनों की तरफ या कोचिंग सेंटर की तरह से कोई भी शिकायत आती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
धौलपुर में रीट की तैयारी कर रहे युवक ने दी थी जान शहर के कोतवाली थाना इलाके में 26 अगस्त को 25 साल के युवक ने जान दे दी. युवक रीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था. 25 वर्षीय प्रदीप बघेल पुत्र प्रभु दयाल बघेल निवासी गडरपुरा मंगलवार सुबह घर से निकला था. छीतरिया ताल पर पहुंच कर युवक ने परिजनों के नाम एक नोट लिखकर जान दे दी|
छीतरिया ताल के पास से पुलिस को एक नोट मिला है, जिसमें लिखा है- रीट का प्रेशर अब सहन नहीं हो रहा है. मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना. छोटा भाई मेरी जान है. बहन को प्यार नहीं दे पाया. इसको लिखने के बाद युवक ने जान दे दी.




















