सिरोही: जिले में मानसूनी बारिश का दौर जारी है. कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश हुई. मौसम विभाग ने शनिवार को जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी है. जिला प्रशासन ने ऐहतियातन सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया. जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता रहेगी.
जिले के कई इलाकों में बीते 24 घंटे में अच्छी बारिश दर्ज हुई. सबसे ज्यादा 32 एमएम बारिश पिण्डवाड़ा में हुई. सिरोही मुख्यालय पर 16, माउंट आबू में 12 और शिवगंज में 11 एमएम बारिश रिकार्ड की गई. इधर, लगातार वर्षा से जिले के अधिकांश बांधों और तालाबों में पानी की आवक जारी है. विशेष रूप से जिले का सबसे बड़ा वेस्ट बनास बांध अब भरने के कगार पर है. अभी इसमें 23.20 फीट पानी है, जबकि भराव क्षमता 24 फीट है.
निचले इलाकों में जलभराव : इस बीच जिले के टोकरा, भुला, वासा, बगेरी, चनार, स्वरुपसागर और वालोरिया बांध ओवरफ्लो हो गए. इससे किसानों और ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे हैं. ग्रामीण इलाकों में सिंचाई और पेयजल की स्थिति सुधरने की उम्मीद है. बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी है. जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदियों, नालों व बांधों के किनारे नहीं जाने की अपील की. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना जताई है.




















