धौलपुर : सैंपऊ कस्बे से 23 अगस्त को वैष्णो देवीमाता मंदिर दर्शनों के लिए गए पांच युवक जम्मू के पास किशनपुर डोमेल रोड गरनई लोटा स्थान के पास आज हुए लैंडस्लाइड के दौरान तेज बहाव में बह गए. दो युवकों ने पानी में तैरकर जैसे तैसे अपनी जान बचाई और वह एक पेड़ पकड़कर टापू पर बैठे हुए हैं. जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को लगी तो उनमें कोहराम मच गया. लैंडस्लाइड होने के बाद एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय पुलिस की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर पानी में बह युवकों की तलाश शुरू कर दी है.
वहीं, इस मामले में सैंपऊ एसडीएम कर्मवीर सिंह ने बताया कि जम्मू कश्मीर प्रशासन से वार्ता चल रही है. स्थानीय प्रशासन लगातार संपर्क में बना हुआ है. युवक यश के परिजन कुंज बिहारी गर्ग ने बताया कि यश पुत्र शशिकांत गर्ग निवासी गर्ग कॉलोनी सैंपऊ, प्रांशु पुत्र सुनील मित्तल निवासी नगला राय जीत हाल निवासी सैंपऊ, शिव बंसल पुत्र विनोद बंसल निवासी खेरागढ़ आदित्य पुत्र हरिओम परमार सैंपऊ और दीपक पुत्र विष्णु मित्तल निवासी तसीमों 23 अगस्त को सभी जम्मू वैष्णो देवी के लिए रवाना हुए. सभी युवक आज ही घर लौटने वाले थे. ट्रेन में देरी होने के कारण जम्मू से कटरा वाले रास्ते से ट्रेन पकड़ने के लिए लौट रहे थे, तभी रास्ते में लैंडस्लाइड होने पर पहाड़ से गिर रहे भारी पत्थर और मलबे से बचने के लिए नीचे उतर आए. इसी दौरान तेज रफ्तार पानी की चपेट में आने से सभी बह गए.
जम्मू कश्मीर में प्रशासन से वार्ता चल रही है. सेल्फ डिफेंस की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है. जम्मू कश्मीर के प्रशासन से स्थानीय प्रशासन का संपर्क लगातार बना हुआ है.
दो युवकों आदित्य और दीपक जैसे तैसे पानी में तैरकर एक पेड़ के सहारे बहने से बच गए. यश, प्रांशु और शिव बंसल तीनों पानी की तेज रफ्तार धार में बहते हुए चले गए. घटना के 2 घंटे बाद मौके पर पहुंची एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने दोनों युवकों का रेस्क्यू किया और अन्य तीनों युवकों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है. इधर परिजनों में कोहराम मच गया. तत्काल ही परिजन गाड़ी से जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं.




















