सीकर: अगर आप बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटूश्यामजी मंदिर जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. एक बार मंदिर खुलने और बंद होने के शेड्यूल के बारे में जानने के बाद ही श्याम बाबा के दर्शन को जाएं. श्री श्याम मंदिर कमेटी ने बाबा श्याम का मंदिर भक्तों के लिए कुछ घंटे बंद रहने की आम सूचना जारी की. इसमें कहा कि विशेष पूजा और तिलक शृंगार के चलते मंदिर कुछ घंटे दर्शनार्थियों के लिए बंद रहेगा. कमेटी ने भक्तों को सलाह दी कि मंदिर आने से पहले इसके बंद और खुलने का समय जरूर जान लें.
मंदिर बंद और खुलने का समय: श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 26 अगस्त को बाबा श्याम का विशेष शृंगार किया जाएगा. इसके चलते मंदिर 19 घंटे बंद रहेगा. मंदिर परंपरा के अनुसार अमावस के बाद बाबा श्याम का विशेष तिलक शृंगार किया जाता है. इसमें पंचद्रव्यों से बाबा श्याम का शृंगार उतारा जाता है. फिर कुछ दिन तक वे मूल रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं.
इसके बाद फिर विशेष तिलक शृंगार किया जाता है. इसमें 8 से 12 घंटे लगते हैं. इसी कारण 25 अगस्त की रात 10 बजे शयन आरती के बाद मंदिर के कपाट आमभक्तों के लिए बंद कर दिए जाएंगे. अगले दिन यानी 26 अगस्त को शाम 5 बजे संध्या आरती के साथ मंदिर वापस भक्तों के लिए खोला जाएगा.
भक्तों से अपील: मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे तय समय से पहले मंदिर ना पहुंचें, ताकि असुविधा न हों. प्रशासन का कहना है कि बाबा श्याम के तिलक शृंगार के दौरान विशेष पूजा होती है. इस पर शांति और श्रद्धा का वातावरण बनाए रखने के लिए कुछ समय दर्शन रोके जाते हैं. भक्तों से अनुरोध है कि वे नियमों का पालन करें और निर्धारित समय पर ही मंदिर आएं.




















