सिरोही: जिले के माउंट आबू में वन भ्रमण के दौरान एक व्याख्याता को दिशा भ्रम हुआ और रास्ता भटक गया. घटना बीते कल देर शाम की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, व्याख्याता अपने पांच साथियों के साथ गुरु शिखर से शेरगांव की ओर निकले थे. रास्ते में यह दल अलग-अलग हो गया और इसी दौरान व्याख्याता का संपर्क साथियों से टूट गया.
घटना के बाद मदद के लिए व्याख्याता द्वारा किया गया एक ऑडियो कॉल भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में वे जंगल में रास्ता भटकने और मदद की गुहार लगाते हुए सुने जा सकते हैं. वायरल ऑडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया. पुलिस उप अधीक्षक गोमाराम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया है. इन टीमों में पुलिस, वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों को शामिल किया गया है, जो अलग-अलग दिशाओं में तलाश कर रहे हैं. बावजूद इसके अभी तक किसी भी टीम को सफलता हाथ नहीं लगी है. स्थानीय प्रशासन ने भी घटना को गंभीर मानते हुए मौके पर डेरा डाल दिया है. तहसीलदार डूंगरमल पुरोहित स्वयं मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली. वन क्षेत्र में लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन घना जंगल और दुर्गम रास्ते खोज कार्य को कठिन बना रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरु शिखर से शेरगांव तक जाने वाला रास्ता काफी जटिल है और पहली बार जाने वाले लोग अक्सर दिशा भ्रमित हो जाते हैं. हालांकि, इस मामले में प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है कि जल्द से जल्द व्याख्याता को सुरक्षित ढूंढ निकाला जाए. फिलहाल तीनों टीमें सघन खोज अभियान में जुटी हुई हैं. प्रशासन का कहना है कि तलाश में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और जल्द ही व्याख्याता का पता लगा लिया जाएगा.




















