जोधपुर: केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि 130 वें संविधान संशोधन का प्रस्ताव राजनीति में शुचिता लाने के लिए है. उन्होंने कहा कि जो लोग इससे डर रहे हैं और इसका विरोध कर रहे हैं. वे ऐसे हैं, जिन्हें अपने किए हुए कामों का खतरा है, इसलिए उनका भयभीत होना स्वाभाविक है.
जोधपुर आए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने शनिवार को हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि संशोधन को लोकसभा और राज्यसभा में पेश किया जा चुका है. इसे 21 सदस्यों वाली संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेजा गया है. इसमें 10 सदस्य राज्यसभा के हैं. उन्होंने कहा कि तय किया गया है कि अगले संसद सत्र से दो सप्ताह पहले समिति अपनी रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेगी, ताकि इसे अगले सत्र में ही पारित करवाया जा सके. शेखावत ने कहा कि भाजपा का संकल्प रहा है कि शासन में शुचिता आनी चाहिए. ऐसा होने पर राजनीति में भी शुचिता आएगी. आज के परिपक्व लोकतंत्र में यह आवश्यक भी है.
कांग्रेस पर साधा निशाना: उपराष्ट्रपति चुनाव में ‘दक्षिण बनाम दक्षिण’ के सवाल पर शेखावत ने कहा कि कांग्रेस की नीति क्षेत्रवाद के नाम पर देश को बांटकर कमजोर करने की रही है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बजाय विचार को देखना चाहिए. सी.पी. राधाकृष्णन ने एक विचारधारा के साथ काम किया है. उनकी विजय सुनिश्चित है. जोधपुर को नई वंदे भारत ट्रेन मिलने पर शेखावत ने कहा कि इससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी और सभी को इसका फायदा होगा. उन्होंने कहा कि जोधपुर में नए हवाईअड्डे का काम भी इसी साल शुरू होने वाला है और एलिवेटेड रोड का टेंडर जारी हो गया है, जिसका काम जल्द शुरू होगा.
रक्षा मंत्री का आना गर्व की बात: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 25 अगस्त को प्रस्तावित दौरे को लेकर शेखावत ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पश्चिमी राजस्थान की धरती पर रक्षा मंत्री का आना गर्व की बात है और उनका स्वागत किया जाएगा. 15 अगस्त को हुई सड़क दुर्घटना में एक छात्र की मौत पर शेखावत ने कहा कि इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए थी. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा पूर्व मंत्री भजनलाल को असंवेदनशील बताए जाने पर उन्होंने कहा कि गहलोत की संवेदनशीलता तो सबने देखी है. एक परिवार को क्षति हुई है, हम सभी को दुख है. हम सभी उनके साथ हैं. हवाईअड्डे से शेखावत मृतक छात्र लोकेंद्र के घर उनके परिजनों से मिलने भी गए.




















