डीग: जिले के जनूथर थाना क्षेत्र के आखोली गांव में फौजी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला के पीहर पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है. विवाहिता के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया. रिपोर्ट आने पर मौत की असली वजह पता चलेगी.
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि आखोली गांव में दर्शना (23) की शुक्रवार को हत्या कर दी. आखोली पहुंचे तो दर्शना का शव रखा था. शव को अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया व फिर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया. दर्शना के चाचा जीपेन्द्र ने थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा कि विवाहिता की मौत कैसे हुई?. दर्शना का पीहर भरतपुर जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के बराकुट गांव में था. उसकी शादी 2 दिसंबर 2024 को जनूथर के आखोली में दिलीप से हुई, जो आर्मी में है. घटना के दिन वह छुट्टी पर आखोली आया हुआ था.
पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि दर्शना ने शुक्रवार दोपहर पीहर में फोन किया. उसने दादी को बताया कि पेट में दर्द हो रहा है. इस पर पीहर पक्ष के लोग आखोली पहुंचे तो पता लगा पति दिलीप उसे भरतपुर ले गया. पीहर पक्ष ने भरतपुर में कई अस्पतालों में तलाश की, लेकिन दर्शना का पता नहीं लगा. काफी देर के बाद दिलीप ने फोन उठाया और पीहर पक्ष को बताया कि वह बाइक से गिर गई थी और उसकी मौत हो गई. इस पर परिजन आखोली पहुंचे तो दर्शना का शव रखा था. पीहर पक्ष ने जनूथर पुलिस को दी. पुलिस ने मृतका के शव को डीग अस्पताल पहुंचाया. मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया. उधर, उपखंड अधिकारी देवी सिंह भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि विवाहिता के पीहर पक्ष से बात की. पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया. परिजनों का आरोप है कि इसे गला दबाकर मारा गया. ससुराल पक्ष दहेज की मांग करता था.




















