जैसलमेर: मरुभूमि जैसलमेर इन दिनों भीषण पेयजल संकट से जूझ रहा है. शहर के कई मोहल्लों और कॉलोनियों में पिछले पखवाड़े से जलापूर्ति ठप है. हर तरफ पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है. प्रशासन और जलदाय विभाग के दावों के बावजूद आमजन को राहत नहीं मिल रही है. शनिवार को इंदिरा कॉलोनी के निवासियों ने पानी की समस्या को लेकर जलदाय विभाग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान एक महिला ने अधिकारी पर तंज कसते हुए चूड़ियां पहना दी.
इंदिरा कॉलोनी में फूटा गुस्सा: शनिवार को इंदिरा कॉलोनी के बाशिंदों का सब्र आखिरकार टूट गया और उन्होंने जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. गुस्साए लोगों ने खाली बर्तन बजाकर अपना आक्रोश जताया. महिलाओं ने एक अधिकारी को चूड़ियां पहनाकर लाचारी पर तंज कसा और कहा कि यदि वे पानी उपलब्ध नहीं करवा सकते तो पद छोड़ दें. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन करेंगे.
15 दिनों से ठप सप्लाई, टैंकरों का सहारा: स्थानीय निवासियों का कहना है कि बीते 10 से 15 दिनों से इंदिरा कॉलोनी और आसपास के मोहल्लों में पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप है. मजबूरी में लोगों को निजी टैंकरों से महंगे दाम पर पानी खरीदना पड़ रहा है. गरीब परिवार रोजाना पानी के लिए जेब ढीली करने को मजबूर हैं. हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई घरों में बच्चों और बुजुर्गों को पीने तक का पानी नहीं मिल पा रहा. इंदिरा कॉलोनी ही नहीं, बल्कि शहर के कई अन्य हिस्सों में भी पानी की किल्लत गहराती जा रही है.
जलदाय विभाग अधिकारी ने दिया आश्वासन: जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता देवीलाल ने कहा कि इंदिरा कॉलोनी सहित शहर के कुछ हिस्सों में किन्हीं कारणों से बीते दिनों पानी की सप्लाई बाधित हुई थी, लेकिन विभाग लगातार हालात पर नजर रखे हुए है. पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है. विभाग की प्राथमिकता हर घर तक नियमित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना है. देवीलाल ने आश्वस्त किया कि अगले कुछ दिनों में सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सुचारू हो जाएगी और आमजन को अब किसी भी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा.




















