अलवर: बारिश के दौर के बीच शनिवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोटा खुर्द गांव में मकान के बरामदे की छत गिर गई. छत के मलबे में परिवार के 7 लोग दब गए. सभी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रामगढ़ चिकित्सालय लाया गया. इनमें एक बच्ची को अलवर जिला अस्पताल के लिए रैफर किया गया. ये बरामदे में सो रहे थे. गनीमत रही कि परिवार को जानमाल की हानि नहीं हुई. बरामदे में ट्रैक्टर खड़ा था, जिस पर छत की बीम गिरी. इसके चलते बड़े नुकसान से बच गए. सूचना पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
रामगढ़ थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि कोटा खुर्द के एक मकान के गिरने की सूचना मिली. जाप्ते के साथ पहुंचे और मौका देखा. घटना में सात लोग घायल हुए. इनका चिकित्सालय में इलाज चल रहा है. मकान मालिक रेशा खान ने बताया कि घटना के दौरान उसकी पत्नी, दो बेटे, दो पोती और एक पोता बरामदे में सो रहे थे. इसी दौरान मकान की पट्टियां और बीम तेज आवाज के साथ टूटकर गिर गई. आवाज के चलते आसपास के लोग वहां आए व मलबे में दबे लोगों को निकाला. पोती सहजूम की हालत गंभीर है, जिसे अलवर जिला अस्पताल रैफर किया.
ट्रैक्टर ने बचाई जान: रेशा खान ने बताया कि घटना के दौरान बरामदे में ट्रैक्टर खड़ा था. इस दौरान छत की बीम व पट्टियां ट्रैक्टर पर गिरी. इससे नीचे सो रहे सभी लोगों की जान बच गई. उन्होंने बताया कि घर का सामान मलबे में दब गया.




















