कोटा: प्रदेश के कई जिलों के साथ-साथ हाड़ौती संभाग में भारी बारिश का क्रम जारी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कहीं ट्रेनों का रास्ता रुक गया है तो कहीं पुलिया या सड़क पर पानी भर जाने के चलते सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं. कोटा संभाग में कई जगह बाढ़ के हालात बन गए हैं. यहां तक कि कई जगह पुलियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश में बीते 24 घंटे में हुई बारिश के आंकड़े जारी किए हैं.
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सर्वाधिक बारिश सवाई माधोपुर में 254 मिलीमीटर, यानी 10 इंच दर्ज की गई है. इसके बाद दूसरे नंबर पर भी सवाईमाधोपुर जिले के भाड़ौती में 230 मिमी (लगभग 9 इंच) बारिश हुई. तीसरे स्थान पर कोटा जिले के सुल्तानपुर में 220 मिमी (8.66 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो कोटा संभाग में सबसे अधिक है. इसके बाद बूंदी जिले के केशोरायपाटन में 212 मिमी (लगभग 8 इंच) बारिश हुई. इन चारों स्थानों पर बीते 24 घंटे में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई.
इन तीन जगहों पर हुई अत्यंत भारी बारिश: डॉ. शर्मा के अनुसार प्रदेश में सवाई माधोपुर में अत्यधिक भारी बारिश हुई है. इसके बाद भाड़ौती (सवाई माधोपुर), सुल्तानपुर (कोटा) और केशोरायपाटन (बूंदी) में अत्यंत भारी बारिश हुई. नौ स्थानों पर बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जिनमें सवाईमाधोपुर के मानसरोवर, देवपुरा, पंचोलस, चौथ का बरवाड़ा व मलारना, भीलवाड़ा का बिजोलिया, कोटा के दीगोद व लाडपुरा और पाली जिले की रानी शामिल हैं. यहां 130 से 254 मिमी के बीच बारिश हुई. इसी तरह प्रदेश भर में 49 स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. कोटा संभाग की बात करें तो सुल्तानपुर और केशोरायपाटन के बाद लाडपुरा में अत्यंत भारी बारिश हुई. इसके बाद खातौली में 124, किशनगंज में 106, मांगरोल में 103, अंता में 96, पीपल्दा में 93, तालेड़ा में 91 और बारां में 82 मिमी बारिश दर्ज की गई.
प्रदेश में इन जगहों पर बीते 24 घंटे में हुई है सर्वाधिक बारिश
| जिला | स्थान | बारिश (एमएम) | किस कैटेगरी की बारिश |
| सवाईमाधोपुर | सवाईमाधोपुर | 254 | अत्यधिक भारी वर्षा |
| सवाईमाधोपुर | भाड़ौती | 230 | अत्यंत भारी वर्षा |
| कोटा | सुल्तानपुर | 220 | अत्यंत भारी वर्षा |
| बूंदी | केशवराय पाटन | 212 | अत्यंत भारी वर्षा |
| सवाईमाधोपुर | मानसरोवर | 192 | बहुत भारी वर्षा |
| सवाईमाधोपुर | देवपुरा | 190 | बहुत भारी वर्षा |
| सवाईमाधोपुर | पंचोलस | 170 | बहुत भारी वर्षा |
| भीलवाड़ा | बिजौलिया | 166 | बहुत भारी वर्षा |
| कोटा | दीगोद | 155 | बहुत भारी वर्षा |
| सवाईमाधोपुर | चौथ का बरवाड़ा | 152 | बहुत भारी वर्षा |
| कोटा | लाडपुरा | 140 | बहुत भारी वर्षा |
| सवाईमाधोपुर | मलारना डूंगर | 132 | बहुत भारी वर्षा |
| पाली | रानी | 131 | बहुत भारी वर्षा |
कोटा संभाग में इन जगहों पर बीते 24 घंटे में हुई है सर्वाधिक बारिश:
| जिला | स्थान | बारिश (एमएम) | किस कैटेगरी की बारिश |
| कोटा | सुल्तानपुर | 220 | अत्यंत भारी वर्षा |
| बूंदी | केशोरायपाटन | 212 | अत्यंत भारी वर्षा |
| कोटा | लाडपुरा | 140 | बहुत भारी वर्षा |
| कोटा | खातौली | 124 | भारी वर्षा |
| बारां | किशनगंज | 106 | भारी वर्षा |
| बारां | मांगरोल | 103 | भारी वर्षा |
| बारां | अंता | 96 | भारी वर्षा |
| कोटा | पीपल्दा | 93 | भारी वर्षा |
| बूंदी | तालेडा | 91 | भारी वर्षा |
| बारां | बारां | 82 | भारी वर्षा |




















