टोंक : सरकारी अस्पताल के लेबर रूम में विशेष पहनावे को लेकर महिला डॉक्टर और इंटर्न के बीच बहस का वीडियो वायरल होने के बाद सियासत गरमाई हुई है. पिछले चार दिन से जारी सियासत के बीच गुरुवार की शाम मेडिकल विभाग ने जिला कलेक्टर के निर्देश पर कड़ा एक्शन लेते हुए टोंक सआदत अस्पताल के पीएमओ हनुमान प्रसाद ने मामले में इंटर्न यूनानी डॉक्टर और यूनानी कॉलेज को नोटिस दिया है.
उन्होंने बताया कि लेबर रूम का वीडियो बनाने के मामले में मेडिकल विभाग पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराएगा. लेबर रूम का वीडियो बनाना गलत है. वहीं, यूनानी छात्रों को ड्रेस कोड में ही अस्पताल में आने के निर्देश दिए हैं. साथ ही डाक्टर दंपती को 7 दिन का अवकाश स्वीकृत किया है. बता दें कि जनना अस्पताल में खास पहनावे में लेबर रूम में काम कर रही यूनानी इंटर्न को ड्यूटी डॉक्टर ने रोका तो छात्रा बहस करने लगी. बहस कर रही इंटर्न ने लेबर रूम का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया. इसे लेकर विवाद बढ़ गया.
इस मामले में गुरुवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद सहित हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम टोंक एडीएम को ज्ञापन देकर संवैधानिक ओर सरकारी कार्यालयों में इस तरह की गतिविधियों को रोकने की मांग की थी. साथ ही यूनानी इंटर्न डॉक्टर की ओर से वीडियो वायरल करने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. इसी बीच डॉक्टर बिंदु गुप्ता के पति अंकित गुप्ता को किसी संदिग्ध ने अस्पताल में ही धमकी दी है. इसके बाद डॉक्टर दंपती ने गुरुवार को आधा दिन का अवकाश लिया है. वहीं, 7 दिन की छुट्टी पर चले गए हैं.




















