जयपुर: हेरिटेज नगर निगम में करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन के फर्जी पट्टे जारी करने और वार्डों में स्वीकृत विकास कार्यों को रोकने के विरोध में भाजपा पार्षदों और समिति चेयरमैनों ने अपनी ही बोर्ड में प्रोटेस्ट किया. साथ ही समाधान नहीं निकलने पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रखते हुए भूख हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी.
बीजेपी पार्षद सुभाष व्यास ने आरोप लगाया कि पूर्व कमिश्नर अरुण कुमार हसीजा ने साधारण सभा में सभी वार्डों के लिए एक-एक करोड़ रुपए के विकास कार्यों का ऐलान किया था और कई कार्य सैंक्शन भी हो चुके थे, लेकिन वर्तमान कमिश्नर निधि पटेल ने न केवल उन कार्यों को रोक दिया, बल्कि वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों को भी हटा दिया.
इसकी वजह से वार्डों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है. यही नहीं, उन्होंने बस्सी सीतारामपुरा की करीब 100 करोड़ रुपए की सरकारी जमीन पर गलत पट्टे जारी किए जाने का भी आरोप लगाया और इस जमीन घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
वहीं, समिति चेयरमैन हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि नगर निगम में विकास कार्य ठप पड़े हैं. खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है. कांग्रेस सरकार के दौरान लगे हुए अधिकारी अभी भी अपनी मनमानी कर रहे हैं, लेकिन जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे अनिश्चितकालीन धरना जारी रखेंगे. जबकि अध्यक्ष सुरेश नावरिया ने वर्तमान कमिश्नर पर बदतमीजी से बात करने का आरोप लगाते हुए उनकी कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए.
इन पार्षदों की रही मौजूदगी : इस प्रोटेस्ट में चेयरमैन सुरेश नावरिया, हेमेंद्र शर्मा और पार्षद सुभाष व्यास के अलावा चेयरमैन उत्तम शर्मा, माणक शर्मा, संतोष कंवर, महेंद्र पहाड़ियां, बबीता तंवर, मनोज मुद्गल, अंशुल शर्मा, ज्योति चौहान, विक्रम सिंह, रवि सैनी, राजेश कुमावत, मंजू राकेश बागड़ा, विमल अग्रवाल, सुनील दत्ता, श्याम सुंदर सैनी और राहुल शर्मा भी मौजूद रहे.




















