सवाई माधोपुर: देशभर में ख्यात रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मंदिर पर हर वर्ष की तरह लक्खी मेला 26 से 28 अगस्त तक लगाया जाएगा. तीन दिवसीय मेले को लेकर मंगलवार शाम दुर्ग स्थित गणेश मंदिर में जिला कलेक्टर कानाराम और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने अधिकारियों एवं मंदिर ट्रस्ट के साथ बैठक की. प्रशासन ने मेले की तैयारियों पर चर्चा की.
जिला कलेक्टर कानाराम ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. रणथंभौर टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघों की हालिया गतिविधियों को देखते हुए क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा गार्ड लगाएंगे. खंडार, बोदल और उलियाड़ा से आने वाले अवैध रास्ते पूरी तरह बंद करेंगे. मेले के दौरान जोगी महल, परिक्रमा मार्ग एवं अमरेश्वर मार्ग भी पूरी तरह बंद रखा जाएगा.
आधा किराया लगेगा: कलेक्टर ने बताया कि मेलार्थियों से अधिक पैसे नहीं लेने व ओवरलोडिंग रोकने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. सरकार ने रेलवे स्टेशन से मेला स्थल तक 20 रुपए किराए पर 50 प्रतिशत छूट लागू की. यात्रियों को मेलास्थल के लिए मात्र 10 रुपए किराया देना होगा. कलेक्टर ने बिजली, पानी एवं सफाई इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा. दुर्ग, जोगी महल व गणेश धाम तक बिजली व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए. साइलेंट जरनेटर भी लगाया जाएगा. सफाईकर्मियों को रिफ्लेक्टर जैकेट और मंदिर एवं भंडारे स्थलों पर डस्टबिन रखने और अस्थायी एवं मोबाइल शौचालय लगाने के निर्देश दिए. मेले में पॉलीथिन, डिस्पोजल कप प्लेट, प्लास्टिक चम्मच का इस्तेमाल पर रोक लगाने को कहा. घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल नहीं किए जा सकेंगे.
दुर्ग पर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष: एसपी अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस के बंदोबस्त को अंतिम रूप दिया गया. गणेश मार्ग पर टाइगर का हालिया मूवमेंट दिखने के बाद यात्रियों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है. परिक्रमा मार्ग बंद कर दिया है. जलभराव की जगह गोताखोर और एसडीआरएफ टीमें तैनात की जाएगी. पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम और चेतावनी बोर्ड लगाएंगे. जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे. मेले में चिकित्सा एवं खाद्य सुरक्षा टीमों की प्रत्येक 8 घंटे की पारियों में ड्यूटी रहेगी. गणेश धाम तिराहे एवं रणथंभौर दुर्ग पर 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे.




















