अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग की एनालिस्ट कम प्रोग्रामर-उपनिदेशक भर्ती परीक्षा 2024 का आयोजन अजमेर जिला मुख्यालय पर बुधवार को 29 परीक्षा केंद्रों पर हुई. 45 पदों के लिए 7,367 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया. यह परीक्षा दो पारियों में हुई. पहला प्रश्नपत्र शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है. पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 43.03 प्रतिशत उपस्थस्थिति रही.
एनालिस्ट कम प्रोग्रामर सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की एक हायर पोस्ट है. यह 6600 ग्रेड पे के 45 पदों के लिए है. जयपुर से परीक्षा देने आए अभ्यर्थी गोविंद शर्मा ने बताया कि सुबह 10 से 12 बजे तक प्रथम प्रश्नपत्र का आयोजन हुआ. उन्होंने बताया कि प्रथम प्रश्नपत्र में गणित, सामान्य ज्ञान, रीजनिंग और कंप्यूटर से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जबकि द्वितीय पेपर सब्जेक्ट स्पेसिफिक हुआ. शर्मा के अनुसार प्रथम प्रश्नपत्र सरल रहा और उसमें किसी प्रकार की कोई त्रुटि नहीं थी. करेंट अफेयर्स से जुड़े प्रश्न पूछे गए थे. उनका मानना था कि आमतौर पर प्रथम प्रश्नपत्र सरल होता है, जबकि द्वितीय प्रश्नपत्र कठिन होता है. पेपर में गणित, रीजनिंग और जनरल अवेयरनेस के 40 प्रश्न थे, वहीं 60 प्रश्न कंप्यूटर शिक्षा से संबंधित थे. शर्मा वर्तमान में जयपुर में कृषि विभाग में सहायक प्रोग्रामर के पद पर कार्यरत हैं.
एक अन्य अभ्यर्थी संदीप मराठा ने बताया कि पेपर का पैटर्न कठिन नहीं था और यह पूरी तरह से सिलेबस के अनुसार था. करेंट अफेयर्स में राजस्थान से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे. उन्होंने कहा कि जो कोई भी रोजाना समाचार पत्र पढ़ता है, उसके लिए यह पेपर सरल था. तथ्यात्मक प्रश्नों के अलावा, रीजनिंग के प्रश्न भी अच्छे थे.
परीक्षा केंद्रों पर थी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था: मराठा ने परीक्षा व्यवस्था के बारे में बताया कि परीक्षा केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था थी. परीक्षा केंद्र के गेट पर प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रारंभिक जांच की गई. उसके बाद अंदर प्रवेश करने पर अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच की गई. साथ ही, यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी अभ्यर्थी के पास कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अन्य अवैध सामग्री तो नहीं है. तीसरी और अंतिम जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था काफी बेहतर थी.




















