झालावाड़ : जिले के सुनेल थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां गृह क्लेश से तंग आकर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी 65 वर्षीय पत्नी को विषैला पदार्थ पिलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. बाद में अपने किए का पछतावा होने पर उसने भी जान देने की कोशिश की. फिलहाल बुजुर्ग का झालावाड़ के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, मृतक महिला का शव सुनेल प्राथमिक चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है. पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा.
सुनेल थाना प्रभारी विष्णु सिंह ने बताया कि सुनेल थाना क्षेत्र के ढाबला खींची गांव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग सत्यनारायण ने गृह क्लेश के चलते अपनी 65 वर्षीय पत्नी प्रेमबाई को विषैला पदार्थ पिला दिया. कुछ देर बाद उसकी पत्नी की मौत हो गई. बाद में अपने किए का पछतावा होने पर सत्यनारायण ने भी जान देने की कोशिश की. परिजनों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची व सत्यनारायण को सुनेल के प्राथमिक चिकित्सालय में ले जाया गया. यहां पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया है.




















