कोटा: जोसा (JoSAA) और सीएसएबी (CSAB) काउंसलिंग के जरिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) कोटा में नए बैच 2025 के लिए प्रवेश लेने वाले छात्रों की रिपोर्टिंग 20 से 25 सितंबर के बीच होनी है. ट्रिपल आईटी का कैंपस साल 2023 में बनकर तैयार हुआ था, जिसके बाद इसे जयपुर से यहां शिफ्ट कर दिया गया. हालांकि, हॉस्टल की क्षमता केवल 851 छात्रों की है, जबकि इस साल नए बैच में 330 और छात्र बढ़ेंगे. इससे संस्थान के सामने छात्रों को आवास उपलब्ध कराने की चुनौती बनी हुई है. ऐसे में शेयरिंग वाले कमरों में क्षमता बढ़ाई जा रही है.
ट्रिपल आईटी के हॉस्टल वार्डन डॉ. आनंद अग्रवाल ने बताया कि मौजूदा कमरों में ही क्षमता बढ़ाई जा रही है. ये कमरे पहले से ही बड़े डिजाइन किए गए थे, इसलिए यहां पूरी व्यवस्था हो जाएगी. इस साल कुल इनटेक 1100 से 1200 के बीच रहेगा. सभी छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहते, कुछ बाहर रहते हैं और कुछ स्थानीय छात्र भी हैं. फिर भी, 330 नए छात्रों के लिए आवास की तैयारी की गई है. इसमें लड़कियों के लिए 2-सीटर और लड़कों के लिए 4-सीटर कमरे होंगे.
1150 छात्रों को समायोजित करने का प्रयास: IIIT कोटा में हॉस्टल की कुल क्षमता 851 छात्रों की है, जिसमें लड़कों के लिए 707 और लड़कियों के लिए 144 सीटें हैं. लड़कों के हॉस्टल में सिंगल, डबल और ट्रिपल ऑक्यूपेंसी के कमरे हैं. वहीं, IIIT कोटा में 2022 में 240 सीटें थीं, जो 2023 में 270, 2024 में 330 और इस साल भी 330 हैं. हालांकि, कुछ प्रवेश कम हुए हैं, इसके चलते करीब 1150 छात्रों को हॉस्टल में समायोजित करना होगा. इसके अलावा, एमटेक के लगभग 20 छात्रों को भी हॉस्टल में जगह देनी है. 2024 में भी IIIT कोटा को इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था. तब संस्थान ने स्टाफ के कमरे खाली करवाकर छात्रों को शिफ्ट किया था. इस बार भी बड़े कमरों में ऑक्यूपेंसी बढ़ाई गई है. पहले तीन छात्रों वाले कमरों को अब चार छात्रों के लिए बदल दिया गया है. पहले दो नॉर्मल और दो बंक बेड थे, लेकिन छात्रों की शिकायतों के बाद अब सभी को नॉर्मल बेड दिए गए हैं.
नहीं है स्थायी निदेशक: IIIT कोटा के पूर्व छात्र देव भारद्वाज ने बताया कि संस्थान में वर्तमान में कोई स्थायी निदेशक नहीं है. एमएनआईटी जयपुर के निदेशक प्रो. एनपी पाढ़ी को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रो. केके शर्मा को कोऑर्डिनेटर बनाया गया है. छात्रों का निदेशक और कोऑर्डिनेटर से सीधा संपर्क कम होने के कारण उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता.
बाहर रहना पड़ रहा महंगा : IIIT कोटा के हॉस्टल में नए छात्रों की फीस 53 हजार रुपए प्रति सेमेस्टर है, जिसमें 7,500 रुपए कॉशन मनी (रिफंडेबल), 7,500 रुपए हॉस्टल रजिस्ट्रेशन फीस (नॉन-रिफंडेबल), 20 हजार रुपए मैस, 12 हजार रुपए कमरा किराया और 6 हजार रुपए बिजली-पानी शुल्क शामिल है. अगले सेमेस्टर में केवल 38 हजार रुपए (मैस, किराया और बिजली-पानी) देना होगा. यह लगभग 6,300 रुपए प्रति माह बैठता है. बाहर रहने पर 10 हजार रुपए से अधिक खर्च आता है. साथ ही, संस्थान के रानपुर स्थित कैंपस के आसपास पीजी या हॉस्टल की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं.
CSAB के माध्यम से 39 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी: IIIT कोटा के कार्यवाहक निदेशक प्रो. एनपी पाढ़ी ने बताया कि 2025-26 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है. एमटेक कंप्यूटर साइंस (एआई फॉर डाटा) में 18 और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन (सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी) में 1 छात्र ने प्रवेश लिया है. बीटेक की 291 सीटें भर चुकी हैं, जबकि 39 सीटों पर सीएसएबी काउंसलिंग के माध्यम से प्रक्रिया चल रही है. नए छात्रों के लिए 20 से 25 सितंबर के बीच ओरिएंटेशन आयोजित किया जाएगा, जहां संस्थान की सुविधाओं और नियमों की जानकारी दी जाएगी.




















