झालावाड़: जिले के असनावर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के सौदागरों पर कार्रवाई करते हुए करीब 1.574 किलोग्राम स्मैक बररामद किया है. साथ ही छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए आंकी गई है. साथ ही पुलिस ने आरोपियों से तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली एक कार भी बरामद की है. आरोपी नशे की इस खेप को महिलाओं तथा बच्चों की आड़ लेकर जयपुर भेज रहे थे. पुलिस टीम ने स्मैक खरीदने वाले जयपुर निवासी राजू उर्फ राजेश को भी डिटेन कर लिया है.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं. असनावर थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी की गई थी. इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार पुरुषों और महिलाओं की तलाशी ली गई, जिसमें 1.574 किलोग्राम स्मैक बरामद हुआ.
महिलाओं और बच्चों का इस्तेमाल: अधीक्षक ने बताया कि आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए महिलाओं और एक बच्चे का सहारा ले रहे थे. इस मामले में चार महिलाओं सहित छह आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तारियां की गई. गिरफ्तार आरोपियों में झालावाड़ निवासी गोरधन, फूलचंद, अंजना बाई, कैला बाई, ममता बाई और गीता बाई (झीकड़िया) शामिल हैं.
जयपुर तस्कर भी डिटेन: पुलिस के अनुसार यह नशीला पदार्थ जयपुर के राजू उर्फ राजेश को सौंपा जाना था, जिसे पुलिस टीम ने डिटेन कर लिया. अधीक्षक ने कहा कि इस तरह की तस्करी रोकने के लिए और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.




















