झालावाड़ : जिले में पीपलोदी स्कूल हादसे को लेकर शिक्षा विभाग व सरकार का सख्त रुख जारी है. शिक्षा विभाग के निदेशक सीताराम जाट ने यहां एक आदेश जारी कर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक हंसराज मीणा को निलंबित कर दिया है. आदेश में निलंबन काल के दौरान मीणा को बीकानेर कार्यालय में उपस्थिति देनी होगी. शिक्षा निदेशक की ओर से जारी किए गए आदेश में हंसराज मीणा को 2 साल पहले स्कूल की बिल्डिंग में हुए मेंटेनेंस कार्य की प्रॉपर मॉनिटरिंग नहीं करने का दोषी माना है. दो साल पहले जब पिपलोदी स्कूल में भवन की मेंटेनेंस हुई थी तब डीईओ प्रारंभिक का चार्ज हंसराज मीणा के पास ही था. उस समय डीईओ प्रारंभिक का पद रिक्त था. इससे पहले प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी नरसी मीणा को सचिव कृष्ण कुणाल के आदेश पर निलंबित किया जा चुका है.
हादसे को लेकर जांच जारी : हादसे के बाद चौतरफा घिरी सरकार अब हादसे को लेकर कई स्तर पर जांच करवा रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में मामले को लेकर कई अन्य अधिकारियों सहित विभाग के कार्मिकों पर गाज गिरना तय है. स्कूल हादसे के बाद कोटा के संयुक्त निदेशक की ओर से भी मामले को लेकर एक तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है. इस कमेटी में बारां जिले के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गेंदा लाल रेंगर सहित झालरापाटन ब्लॉक के दो अधिकारियों को लगाया गया है. इस संबंध में गेंदालाल रेगर ने बताया कि हादसे को पीपलोदी गांव में करीब 10 से 12 अभिभावकों व बच्चों के बयान लिए गए हैं. जल्द ही शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक कोटा को जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी.
हादसे के बाद अलर्ट मोड पर है शिक्षा विभाग : इस संबंध में शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक रूप सिंह मीणा ने बताया कि पीपलोदी स्कूल हादसे की जांच फिलहाल जारी है. हादसे के बाद शिक्षा विभाग ने जर्जर स्कूल भवनों को चिह्नित कर उन एरिया में तार फेंसिंग करवाई है. वहीं, स्कूल बिल्डिंगों की प्रॉपर मॉनिटरिंग की जा रही है. उन्होंने बताया कि हादसे की जांच के बाद इसे शिक्षा निदेशक बीकानेर को भेजा जाएगा. वहां से मिले निर्देश के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी. बता दें कि जिले के पीपलोदी स्कूल हादसे में करीब 7 बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि 20 से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस हादसे के बाद सरकार व शिक्षा विभाग पूरी तरह से एक्शन में है.
इनपर गिर चुकी है गाज : इस मामले को लेकर अब तक जिले की प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी नरसो मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार बालासोरिया, पूर्व मुख्य बीईईओ चंद्र शेखर लुहार, मनोहरथाना पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मनभसर, समग्र शिक्षा के सहायक अभियंता प्रभुलाल और प्रारंभिक पंचायत शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीणा को निलंबित किया जा चुका है. वहीं, मनोहरथाना के कनिष्ठ अभियंता, जो संविदा पर कार्यरत थे, की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई थी. वहीं, हादसे के दिन शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने तत्काल विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका मीना शर्मा, प्रबोधक बद्रीलाल लोधा, शिक्षक कन्हैया लाल सुमन, राम बिलास लववंशी और जावेद अहमद को प्रथम दृष्टिया दोषी मानते हुए निलंबित किया था.




















