जोधपुर : राजस्थान पर्यटन विभाग और राजस्थान हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज़्म फेडरेशन (FHTR) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए जाने वाले राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (RDTM) 2025 की तैयारियों को लेकर स्टेकहोल्डर्स मीट का आयोजन जोधपुर के उमेद भवन पैलेस में किया गया. आर डी टी एम 2025 का आयोजन 12 से 14 सितंबर को जयपुर में होगा. इसको लेकर सोमवार को स्टेक होल्डर्स ने विचार विमर्श किया.
इस मीट का मुख्य उद्देश्य आर टी डी एम – 2025 की तैयारियों की समीक्षा करना तथा राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र की विशाल संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना रहा. कार्यक्रम में एफएचटीआर के मुख्य संरक्षक ने कहा कि राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक धरोहर और अतुलनीय आतिथ्य इसे न केवल भारत बल्कि विश्व का एक अमूल्य पर्यटन गंतव्य बनाते हैं. उन्होंने कहा कि आर डी टी एम जैसे मंच राज्य के पर्यटन व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं. जोधपुर में इस स्टेकहोल्डर्स मीट का आयोजन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
इस मीट में राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के अतिरिक्त आयुक्त राजेश सिंह, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिलीप सिंह राठौड़, एफएचटीआर अध्यक्ष कुलदीप सिंह चंदेला, एफएचटीआर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा, एफएचटीआर उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पचार, झारा अध्यक्ष जे एम बूब, टैज अध्यक्ष गजराज सिंह शेखावत, एचआरएआर अध्यक्ष तरुण बंसल, एफएचटीआर महासचिव सीए वीरेंद्र एस शेखावत सहित पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग के प्रमुख हितधारक, नीति-निर्माता एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
सरकार पर्यटन को सुदृढ़ करने के लिए कटिबद्ध : मीट में राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के अतिरिक्त आयुक्त राजेश सिंह ने कहा कि राजस्थान सरकार पर्यटन क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. RDTM 2025 के माध्यम से हम स्थानीय व्यवसायों को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहे हैं और घरेलू पर्यटन को प्रोत्साहित कर रहे हैं. यह पहल राज्य के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. एफएचटीआर अध्यक्ष कुलदीप सिंह चंदेला ने कहा कि आर डी टी एम का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना ही नहीं है, बल्कि राजस्थान के प्रमुख और उभरते हुए पर्यटन स्थलों को देशभर के यात्रियों के सामने प्रस्तुत करना भी है. इस वर्ष हमें अधिक भागीदारी, नवाचार और साझेदारी की अपेक्षा है, जिससे राज्य के पर्यटन परिदृश्य को और समृद्ध किया जा सके. राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट 2025 का आयोजन आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र के प्रतिष्ठित संगठनों के सहयोग से किया जा रहा है.
पर्यटन से जुड़े संगठनों की सक्रिय भागीदारी :-
- इंडियन हेरिटेज होटल्स एसोसिएशन
- होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान
- राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स
- इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स
- एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया
- पैसिफिक एशिया ट्रैवल एसोसिएशन
- ग्लोबल एसोसिएशन ऑफ इवेंट्स एंड हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स
- ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया
इन सभी संगठनों की सक्रिय भूमिका आर डी टी एम को सफल बनाने में अहम है।इसके पिछले संस्करण में 240 से अधिक राष्ट्रीय खरीदार और 280 राजस्थान- आधारित विक्रेता शामिल हुए थे. 7,000 से अधिक बी 2 बी मीटिंग्स आयोजित हुईं थी.




















