जयपुर: चुनाव आयोग और कांग्रेस कथित वोट चोरी के मुद्दे पर आमने-सामने हैं. दोनों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. कथित वोट चोरी के खिलाफ बिहार के सासाराम में रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बड़ी रैली की. वहीं, जयपुर में सोमवार को पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने चुनाव आयोग और भाजपा पर बड़ा हमला बोला. डोटासरा बोले, भाजपा चुनाव आयोग की प्रवक्ता और चुनाव आयोग भाजपा का एजेंट बना हुआ है. अगर ऐसे ही चलेगा तो लोकतंत्र कैसे रहेगा? संविधान की रक्षा कौन करेगा?
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सोमवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में मीडिया से बात कर रहे थे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने साफ और स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग भारत के संविधान से बनी बॉडी है, जिसका काम निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने का है. सही वोटर लिस्ट के साथ ईमानदारी से चुनाव करवाए, यह उसकी ड्यूटी है, लेकिन आयोग आज ड्यूटी ईमानदारी से नहीं कर रहा और वो पूरी तरह एक्सपोज हो गया. डोटासरा ने कहा कि राहुल सिर्फ इतना कह रहे हैं कि जो डाटा चुनाव आयोग ने दिया, वो इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में क्यों नहीं दिया और जो डाटा आपने दिया है, उसका परीक्षण करवाया है तो आयोग की चोरी सामने आई है. चोरी से जनप्रतिनिधि चुने जा रहे हैं. सरकार बन रही है. चुनाव आयोग को जांच करानी चाहिए, लेकिन आयोग उल्टे राहुल गांधी से ही एफिडेविट मांग रहा है, जबकि शपथपत्र तो आयोग को देना चाहिए कि हमने ईमानदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन किया है.
भाजपा सांसद से नहीं मांग रहे एफिडेविट: डोटासरा ने कहा कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर कह रहे हैं कि इन जगहों पर वोट चोरी हुआ है तो उनसे सवाल क्यों नहीं पूछ रहे? उनसे एफिडेविट क्यों नहीं मांग रहे ? डोटासरा ने कहा कि राहुल और मल्लिकार्जुन खड़गे ने साफ किया कि हम इनकी गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं. आखिर में इनको सच्चाई माननी पड़ेगी. ईमानदारी से बनी वोटिंग लिस्ट और निष्पक्ष चुनाव आने वाले समय में हो, इसके लिए ही कांग्रेस और इंडी गठबंधन सड़कों पर लड़ाई लड़ रहा है.
वोट चोरी के खिलाफ बड़ी रैली: पीसीसी चीफ ने कहा कि वोट चोरी को लेकर हम जल्द राजस्थान में बड़ी रैली करेंगे. इसका स्थान और तारीख अभी तय नहीं है लेकिन कई केंद्रीय नेता आएंगे. हम एक महीने हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे और लाखों दस्तखत करा राष्ट्रपति को भेजेंगे. भाजपा की तानाशाही और गुंडागर्दी अब नहीं चलेगी. इन्होंने वोट चोरी कर सत्ता हथियाई है, उसकी जवाबदेही तय करेंगे. जितने बिंदू और गलतियां राहुल गांधी ने बताई है और जो फर्जी वोटिंग बताई है, उस बारे में सफाई देनी चाहिए, लेकिन चुनाव आयोग कह रहा है कि हम महिलाओं और बहन-बेटियों की वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं दे सकते हैं. महिलाएं जब वोट डालने के लिए कतारों में लगती है तब भी तो तस्वीरें लेते हैं. ये केवल बहाना बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मुख्य चुनाव आयुक्त की स्थिति भी पूर्व उप राष्ट्रपति की तरह न हो जाए.
पूर्व राज्यपाल को श्रद्धांजलि: इससे पहले कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर की ओर से कांस्टीट्यूशनल क्लब में जम्मू—कश्मीर और बिहार के राज्यपाल रहे सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि दी गई. श्रद्धांजलि सभा में सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई. डोटासरा व कई वक्ताओं ने मलिक के जीवन पर प्रकाश डाला. उनके जीवन पर शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई. विधायक भाकर, विकास चौधरी, हाकम अली, पूर्व विधायक जीआर खटाना, इंद्राज गुर्जर मौजूद थे.




















