कोटा : ट्रैफिक पुलिसकर्मी और पिकअप चालक के बीच हुई बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. इसमें ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल अपना रौब दिखाता नजर आ रहा है. मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोटा ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है.
वायरल वीडियो में ट्रैफिक पुलिसकर्मी एक पिकअप को रोक रहा है. इसके बाद पिकअप चालक से उसकी बहस हो गई, जिसके बाद बात गाली गलौच तक पहुंच गई. वीडियो में ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल कैलाश चौधरी पिकअप चालक का गिरेबान पकड़ कर उसे बाहर निकाल लेता है. वो ये भी कहता दिख रहा है कि उसका बेटा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पायलट है. हालांकि इस संबंध में पुलिस को सीधी शिकायत किसी से भी नहीं मिली थी.
कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम का कहना है कि वायरल वीडियो रविवार को उन तक पहुंचा था. इसमें दिख रहा है कि ट्रैफिक कांस्टेबल कैलाश चौधरी ने वर्दी भी ठीक से नहीं पहनी हुई थी. इसके अलावा अभद्रता भी हो रही थी, जिसके बाद कैलाश चौधरी को निलंबित किया गया है. साथ इस पूरे प्रकरण की जांच ट्रैफिक पुलिस उप अधीक्षक अशोक मीणा से करवाई जा रही. इसमें यह भी जांच की जाएगी कि यह वीडियो कब का है? शिकायतकर्ता इस मामले में पुलिस तक नहीं आया है. कैलाश चौधरी के संबंध में उन्हें जानकारी यह भी मिली है कि वो पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है, इसीलिए पूरी जांच रिपोर्ट बनवाई जा रही.




















