जयपुर : राजस्थान सरकार में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर इन दिनों अपने सरकारी कक्ष की सजावट को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने अपने सचिवालय स्थित कार्यालय में भारत माता के चित्र के साथ-साथ दो महिला सैन्य अधिकारियों कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की तस्वीरें भी लगाई है. इसकी वजह जानने की कोशिश की तो सामने आया की मां भारत में सब समाहित है और राष्ट्रप्रेम का संदेश देने के लिए नायाब तरीका निकाला है. ये दोनों बहादुर महिलाएं ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभा चुकी हैं, जो पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के लिए भारतीय सेना द्वारा किया गया एक महत्वपूर्ण मिशन था.
प्रेरणा लेने लिए लगाया गया : मदन दिलावर ने कक्ष में भारत माता का चित्र और दोनों सैन्य महिला अधिकारियों की तस्वीर अपने कार्यालय में लगाकर देशभक्ति और देश की सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया है. शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन तस्वीरों को लगाकर वे देश की बेटियों को प्रेरित करना चाहते हैं और यह दिखाना चाहते हैं कि हमारी सेना में महिलाएं भी मोर्चे पर डटकर देश की रक्षा कर रही हैं.
उन्होंने कहा, कि “हर भारतीय को इन बहादुर बेटियों पर गर्व होना चाहिए. जब भी कोई दुश्मन भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा, तो हमारी बेटियां उसका मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार हैं.” शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य है कि हर छात्र के मन में देशभक्ति की भावना जागे और वे राष्ट्र के लिए कुछ करने की प्रेरणा लें. उन्होंने कहा कि मेरे पास शिक्षा विभाग का जिम्मा है और मेरी कोशिश है कि मैं हर बच्चे में इसी तरह से राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत करूं.




















