बाड़मेर: जिले के चौहटन कस्बे में स्थित जिला अस्पताल में कर्मचारियों द्वारा नाच-गाना करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वायरल वीडियो में अस्पताल के कर्मचारियों को फिल्मी गीतों पर ठुमके लगाते देखा जा सकता है. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
अस्पताल के कार्यवाहक पीएमओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वीडियो 15 अगस्त की रात का है, जिसमें महिला नर्सिंग अधिकारी मीरा बैरवा के जन्मदिन के अवसर पर अस्पताल परिसर में 6-7 कर्मचारियों द्वारा पार्टी आयोजित की गई थी. इस दौरान उन्होंने फिल्मी गानों पर नृत्य किया. शनिवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मीरा बैरवा को एपीओ कर दिया, जबकि अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं.
एक साल में 50 लाख से अधिक मरीजों का इलाज: एम्स ने बनाया नया इतिहास
पीएमओ ने बताया कि जोधपुर के संयुक्त निदेशक के निर्देश पर मीरा बैरवा को एपीओ किया गया है. अन्य कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है. उनका जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी. इधर, प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि यह आयोजन नर्सिंग ऑफिसर के जन्मदिन पर हुआ था, लेकिन अस्पताल परिसर में ऐसी गतिविधियों की अनुमति नहीं है. इस मामले में बाड़मेर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम विश्नोई ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहा वीडियो संज्ञान में आया है, जिसकी जांच की जा रही है.




















