धौलपुर: गुरुवार देर शाम को पुलिस लाइन से बाजार में घूमने गए 40 वर्षीय कांस्टेबल जीवन राम की हरदेव नगर तिराये के पास करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे की खबर मिलने के बाद तुरंत स्थानीय कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. कांस्टेबल को सदर अस्पताल भी पहुंचाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया है. कांस्टेबल की मौत हो जाने से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई.
कोतवाली पुलिस थाने के हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार ने बताया कांस्टेबल जीवन राम पुत्र गोरु राम निवासी सीकर,धौलपुर पुलिस लाइन में तैनात था. गुरुवार देर शाम को कुछ सामान की खरीदारी करने बाजार जा रहा था . हरदेव नगर तिराहे के पास सड़क किनारे जमीन में रखे ट्रांसफार्मर से कांस्टेबल टकरा गया जिससे कांस्टेबल की मौके पर ही चीख पुकार निकल गई.
स्थानीय लोगों की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. तुरंत कांस्टेबल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. डेड बॉडी को पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार ने बताया घटना से मृतक के परिजनों को अवगत करा दिया है. परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा. कांस्टेबल जीवन राम की अचानक मौत से पुलिस लाइन में सन्नाटा छा गया है. पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है.




















