जयपुर : राजस्थान में आज से बरसात के तीसरे दौर का आगाज होने जा रहा है. खासतौर पर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में आज मेघ मेहरबान रहेंगे. सुबह की शुरुआत के साथ भरतपुर संभाग के धौलपुर और करौली के कई इलाकों में बरसात दर्ज की गई तो संभाग मुख्यालय के साथ-साथ सवाई माधोपुर, दौसा और जयपुर जिले में घने बादल छाए रहे. मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार 14 अगस्त को राज्य के तीन संभागों के 13 जिलों में मेघ गर्जन के साथ माध्यम से भारी वर्षा की संभावना है. विभाग की ओर से आज प्रदेश में उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, झालावाड़, बूंदी और बारां में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
15 अगस्त और जन्माष्टमी को भी बरसेंगे मेघ : विभाग के जयपुर केंद्र के निर्देशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार 15 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर देखने को मिलेगा. इस दौरान 19 जिलों के कई हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ-साथ भारी बारिश की संभावना बन रही है. इस दौरान जयपुर संभाग के अलवर और दौसा में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. वहीं भरतपुर संभाग मुख्यालय के साथ-साथ धौलपुर करौली और सवाई माधोपुर, उदयपुर संभाग मुख्यालय के साथ-साथ चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, राजसमंद, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, अजमेर संभाग के भीलवाड़ा और टोंक, साथ ही कोटा संभाग मुख्यालय के साथ-साथ झालावाड़, बूंदी और बारां जिले में बारिश की संभावना है, यहां येलो अलर्ट रहेगा. जन्माष्टमी के मौके पर शनिवार 16 अगस्त को भी प्रदेश के 20 जिलों में अलर्ट रहेगा.
जन्माष्टमी पर दो संभागों में भारी बारिश : बंगाल की खाड़ी और आसपास के दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो अगले 48 घंटों में पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और तीव्र होकर ‘वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया’ में बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, इसके असर से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 15 अगस्त से और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 16 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. विशेष रूप से कोटा और उदयपुर संभाग में 15 से 18 अगस्त के बीच कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. वहीं, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में 15 से 21 अगस्त तक और बीकानेर और जोधपुर संभाग में 16 से 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है.
राजधानी जयपुर में रिमझिम बारिश का दौर शुरू : राजधानी जयपुर के अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया. जयपुर के चार दीवारी, विद्याधर नगर इलाके, सीकर रोड पर बारिश के कारण सड़कों पर दरिया बहने लगा. इस दौरान दुपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान में मानसून के दौरान अभी तक लगभग 52 फीसदी से अधिक बारिश हो चुकी है. कुल आंकड़ों की बात करें तो अभी तक मानसून के इस सीजन में 431 MM से अधिक बारिश बरस चुकी है.
जाम की स्थिति : बारिश के कारण जयपुर के अलग अलग इलाकों में सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई है. बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है, जिसके बाद वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है. मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सबसे अधिक 12 मिमी बारिश सैपऊ (जिला धौलपुर) में हुई, जबकि धौलपुर तहसील में 11 मिमी, बयाना (जिला भरतपुर) में 8 मिमी, भरतपुर तहसील में 5 मिमी, नगर में 4 मिमी और बेरा में 3 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा नादौती, रूपवास, राजाखेड़ा, कुन्हेर, बाड़ी, बसेड़ी, बामनवास, डिगोद, रामगढ़, शाहाबाद और हिंडौन में 1 से 2 मिमी तक बारिश हुई.




















