अनूपगढ़ : प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्कूली बच्चों के सहयोग से अनूपगढ़ व बूंदी जिला मुख्यालयों पर भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया. अनूपगढ़ में यह रैली सुबह 10 बजे शिव मंदिर से शुरू हुई और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गीता चौक, कनॉट प्लेस और परशुराम चौक से गुजरती हुई व्यापार मंडल पर समाप्त हुई. रैली में शामिल लोगों ने हाथों में तिरंगा थामकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए, जिससे पूरे शहर में देशभक्ति का जोश छा गया. इसी प्रकार बूंदी में खेल संकुल परिसर से यह रैली निकाली गई.
अनूपगढ़ उपखंड अधिकारी सुरेश राव ने बताया कि इस रैली का आयोजन प्रशासन, विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्कूलों के बच्चों के संयुक्त प्रयास से किया गया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देते हैं, बल्कि नागरिकों में एकता और भाईचारे का संदेश भी फैलाते हैं. रैली में स्कूली बच्चों का जोश देखने लायक था. वे तिरंगे झंडे लहराते हुए, रंग-बिरंगी वेशभूषा में देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ मार्च कर रहे थे. स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया, जिससे रैली का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया.
व्यापार मंडल में आयोजित समापन सभा में उपखंड अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की शान और गौरव का प्रतीक है, जिसे हमें सदैव सम्मान देना चाहिए. यह तिरंगा रैली न केवल अनूपगढ़ की सड़कों पर देशभक्ति का रंग बिखेर गई, बल्कि हर आयु वर्ग के लोगों को एकजुट कर यह संदेश दे गई कि एकता में ही देश की असली ताकत है.
स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले देशभक्ति के रंग में रंगा बूंदी : आम जनता व युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से बूंदी शहर में तिरंगा रैली निकाली गई. खेल संकुल परिसर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया. इसमें छात्र-छात्राओं से लेकर अधिकारियों और आमजन तक ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया. तिरंगा रैली को नगर परिषद की सभापति सरोज अग्रवाल ने खेल संकुल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. हाथों में तिरंगा थामे स्काउट गाइड व स्कूली छात्र-छात्राएं शहर के मुख्य मार्गों से गुजरे. यह रैली खेल संकुल से शुरू होकर खोजा गेट, आजाद पार्क, सब्जी मंडी रोड़, चौगान गेट और इंदिरा मार्केट से गुजरती हुई अहिंसा सर्किल पहुंची. रैली का समापन राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल परिसर में हुआ.




















