जयपुर: अगले साल 15 जनवरी को राजस्थान में पहली बार आर्मी-डे परेड होगी. मुख्यमंत्री निवास पर सीएम भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को आर्मी-डे परेड की तैयारियों को लेकर थल सेना और सरकार के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की. सीएम शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान के सम्मान में हर वर्ष आर्मी-डे परेड होती है. 15 जनवरी को यह भव्य आयोजन राजधानी जयपुर में किया जाएगा. सेना की ओर से पहली बार आर्मी क्षेत्र से बाहर आमजन के समक्ष यह आयोजन किया जाएगा. इससे युवाओं में देशभक्ति की भावना और प्रबल हो सकेगी.
मेडिकोज में बढ़ रहा MBBS के बाद स्पेशलाइजेशन करने का रुझान, जानिए क्या है कारण
युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी: सीएम भजनलाल ने कहा कि हमारी सेना विश्व में पराक्रम और वीरता के लिए विशिष्ट पहचान रखती है. हमारे जवान समय-समय पर अपनी बहादुरी का प्रदर्शन कर जताते हैं कि देश की आन, बान और शान के लिए वे अपना सर्वस्व न्योछावर करने का माद्दा रखते हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेना के इसी शौर्य को सम्मान देने के लिए आर्मी-डे परेड को और भव्य बनाएं.
आमजन की भागीदारी पर जोर: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आर्मी-डे परेड में स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं, पर्यटकों सहित आमजन की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित की जाए. परेड स्थल का चयन करते समय अनुमानित दर्शक क्षमता का विशेष ध्यान रखें. उन्होंने जयपुर कलेक्टर को आयोजन स्थल का नक्शा बनाते हुए पूरा रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम में दर्शकों को राजस्थान की अद्भुत संस्कृति की झलक दिखनी चाहिए. आयोजन स्थल पर पार्किंग एवं यातायात के उचित प्रबंधन के भी दिशानिर्देश दिए.
बड़ी बहन की मौत के गम में छोटी की मौत, मुक्तिधाम में एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
नो योर आर्मी और बाइक शो भी होंगे: सेना की दक्षिण पश्चिम कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनजिन्दर सिंह ने बैठक में बताया कि आर्मी-डे परेड को आमजन तक पहुंचाने तथा युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से जयपुर में आयोजन किया जाएगा. अलग अलग दिवस पर रक्तदान शिविर, ऑनर रन, साइकिल रैली, नो यॉर आर्मी जैसी सेना दिवस से संबंधित विभिन्न गतिविधियां की जाएगी. सेना दिवस परेड के दिन परेड संरचना के तहत पैदल सैनिक दस्ते, टैंक, तोप, मिसाइल, भारतीय सेना बैंड, मोटर साइकिल शो तथा विभिन्न झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा. भारतीय सेना के युद्ध कौशल और सांस्कृतिक विरासत के प्रदर्शन के लिए भव्य शौर्य संध्या भी रखेंगे.




















