कोटा : शहर से दो बहनों के बीच आत्मीय प्रेम और अटूट रिश्ते की दिल छू लेने वाली घटना सामने आई है. यहां कुछ घंटों के अंतराल में दो बुजुर्ग बहनों की मौत हो गई. बड़ी बहन की मौत का समाचार मिलते ही छोटी बहन शोक व्यक्त करने पहुंची, लेकिन वह यह सदमा सह नहीं सकी और वहीं उसकी भी तबीयत बिगड़ गई. कुछ ही देर में उसने भी दम तोड़ दिया.
68 वर्षीय कंचन बाई, जो आरोग्य नगर की निवासी थीं, लंबे समय से बीमार चल रही थीं. रविवार 10 अगस्त की सुबह उनका निधन हो गया. जैसे ही यह खबर उनकी छोटी बहन 60 वर्षीय कांति बाई (महावीर नगर निवासी) को मिली, वह अत्यधिक दुखी हो गईं और अंतिम दर्शन के लिए बहन के घर पहुंचीं. बड़ी बहन से अत्यधिक लगाव होने के चलते छोटी बहन उसकी मौत का गम नहीं सह पाई, गम जताते समय ही उसकी तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद उसने देह त्याग और छोटी बहन की भी मौत हो गई है.
मृतक दोनों बहनों के रिश्तेदार नवीन गोचर ने बताया कि इन दोनों बहनों का एक-दूसरे से गहरा लगाव था. उनकी एक और बड़ी बहन थी, जिनका पहले ही निधन हो चुका है. तीनों बहनें दुख-सुख की बातें एक साथ साझा करती थीं और भावनात्मक रूप से बेहद करीब थीं. नवीन ने बताया कि आरोग्य नगर में रहने वाली 68 वर्षीय कंचन बाई लंबे समय से बीमार चल रही थी. रविवार 10 अगस्त को सुबह उनकी बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी. जिसकी सूचना उनकी 60 वर्षीय छोटी बहन महावीर नगर निवासी कांति बाई को मिली. बड़ी बहन की मृत्यु के समाचार सुनकर छोटी बहन विचलित हो गई. दूसरी तरफ कंचन बाई के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी. जिस पर कांति बाई गम जताने के लिए पहुंची थी. जहां पर कुछ देर बाद ही कांतिबाई की भी तबियत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई. कांति बाई को तत्काल आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद दोनों के परिजनों निर्णय लेते हुए अंतिम संस्कार पास-पास चिता लगाकर आरके पुरम मुक्तिधाम में किया है.




















