सवाई माधोपुर : मध्य प्रदेश के कूनो अभ्यारण से निकलकर एक फीमेल चीता राजस्थान के रणथंभौर में पड़ने वाले करीरा गांव में आ पहुंची. गांव में घुसने के बाद चीते ने गांव के निवासी ब्रजमोहन और नानजी गुर्जर के बाड़ों में बंधी हुई बकरियों का शिकार किया. इसके बाद काफी देर तक चीता वहीं शिकार के पास बैठा रहा. चीते के गांव में आने की सूचना पर सभी में दहशत फैल गई. सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे. साथ ही मध्य प्रदेश कूनो अभ्यारण के वन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और चीते को ट्रेंकुलाइज किया.
रणथंभौर के डीएफओ रामानंद भाकर ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली कि मध्य प्रदेश के कूनो अभ्यारण से निकलकर एक चीता रणथंभौर क्षेत्र के बहरावंडा कला थाना क्षेत्र के करीरा गांव में आ पहुंची है. चीते ने गांव में दो बकरियों का भी शिकार किया है. सूचना के बाद वन विभाग की टीम और कूनो अभ्यारण की टीम मौके पर पहुंची और चीते को ट्रेंकुलाइज किया गया. चीते को वापस मध्य प्रदेश के कूनो अभ्यारण में लेकर जाने की तैयारी की जा रही है.




















