जयपुर. सोना और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से जारी उतार-चढ़ाव के बाद आज जयपुर सर्राफा बाजार में स्थिरता देखी गई. लगातार पांच दिन तक तेजी का दौर देखने के बाद आज, 10 अगस्त को दोनों कीमती धातुओं के भावों में कोई बदलाव दर्ज नहीं आया है. सर्राफा व्यापारी पूरणमल सोनी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय आर्थिक परिस्थितियों की अनिश्चितता और निवेशकों का रुझान सोना-चांदी की ओर बढ़ने से बाजार में बीते दिनों कीमतों में उछाल आया था.
फिलहाल आज दरें कल के स्तर पर कायम हैं. उन्होंने बताया कि आने वाले समय में चांदी की मांग सोने की तुलना में अधिक बढ़ने की संभावना बनी हुई है. घरेलू और औद्योगिक जरूरतों के साथ-साथ निवेशकों द्वारा इसे सुरक्षित विकल्प मानने के चलते इसके दाम लंबे समय से उच्च स्तर पर बने हुए हैं.
सोना और चांदी के भाव स्थिर
जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कंपनी ने आज के ताजा रेट जारी करते हुए बताया कि शुद्ध सोने के भाव कल की तरह ही 1,04,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर स्थिर हैं. इसी तरह, जेवराती सोना भी 97,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर बना हुआ है. दूसरी ओर, चांदी के भाव भी कल के स्तर पर ही हैं और 1,18,000 रुपये प्रति किलो पर स्थिर हैं. आपको बता दें कि बीते दिनों में सोने के दाम मेंलगभग 700 रुपये प्रति दस ग्राम की तेजी आई थी, जबकि चांदी में करीब 1,200 रुपये प्रति किलो का उछाल देखा गया था. इस दौरान चांदी के भाव एक बार भी एक लाख रुपये प्रति किलो से नीचे नहीं आए, जिससे यह स्पष्ट है कि चांदी के प्रति बाजार का रुझान मजबूत बना हुआ है.
सोना-चांदी के रेट में दिख सकती है हलचल
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा समय में वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां अस्थिर हैं, जिससे सोना और चांदी सुरक्षित निवेश के तौर पर देखे जा रहे हैं. हालांकि, कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव की संभावना बनी रहती है, इसलिए निवेश करने से पहले बाजार के ताजा रेट और ट्रेंड पर नजर रखना जरूरी है. जयपुर सर्राफा बाजार में आज की स्थिरता को व्यापारी सामान्य मान रहे हैं और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में त्योहारी सीजन के करीब आते ही फिर से इसमें हलचल देखने को मिल सकती है.




















