कुचामनसिटी: डीडवाना जिले के ग्राम धनकोली में एक बुजुर्ग दंपती ने आरोप लगाया है कि उन्हें उन्हीं की पौत्रवूध ने घर से बाहर निकाल दिया. अब वे खुले आसमान के नीचे जीवन जीने को मजबूर हैं. बुजुर्ग न्याय की गुहार लेकर अब जिला कलेक्टर से मिला है. बुजुर्ग उस्मान खान का कहना है कि उन्होंने कलेक्टर से अपनी समस्या सुलझाने का आग्रह किया और न्याय नहीं मिलने पर इच्छा मृत्यु की स्वीकृति मांगी.
बुजुर्ग उस्मान खान ने आरोप लगाया कि धनकोली में उनका स्वयं का मकान है, लेकिन उन्हें और उनकी पत्नी को उनके पोते की बहू ने घर से बाहर निकाल दिया. इस बारे में मौलासर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद आज वे जिला कलेक्टर से मिले और उन्हें उनका मकान वापस दिलाने की गुहार लगाई. साथ ही न्याय नहीं मिलने पर इच्छा मृत्यु की मांग की है.
बेटा, बहू और पोते पहले ही छोड़ चुके घर: दरअसल, डीडवाना के ग्राम धनकोली के एक बुजुर्ग उस्मान खान व उनकी पत्नी आयशा को उन्हीं की पौत्र वधू द्वारा घर से बाहर निकालने का आरोप है. जिसके बाद से उस्मान खान अपनी पत्नी के साथ खेत में पेड़ के नीचे रहने को मजबूर हैं. बुजुर्ग उस्मान खान का कहना है कि उन्होंने अपने पोते की बड़े अरमानों से शादी की थी, लेकिन कुछ दिनों बाद ही पारिवारिक क्लेश बढ़ने लगा और झगड़ों से तंग आकर उनका बेटा, बहू और पोते ने घर छोड़ दिया और अन्यत्र रहने चले गए. जिसके बाद घर में बुजुर्ग दंपत्ति और पौत्रवधू रहने लगे. बुजुर्ग दंपती का आरोप है कि अब पौत्रवधू ने उन्हें भी जबरन घर से बाहर निकाल दिया. इस घटना के बाद बुजुर्ग दंपती ने अपने ही खेत में शरण ली और वहां पेड़ की छांव तले जीवन यापन कर रहे हैं.
एसपी-तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश: कई दिनों तक थाने के चक्कर लगाने के बाद भी जब बुजुर्ग उस्मान खान को न्याय नहीं मिला, तो वे जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और जिला कलेक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत को आपबीती बताकर उनसे इंसाफ की गुहार लगाई. साथ ही इंसाफ नहीं मिलने से इच्छा मृत्यु की मांग की. जिला कलेक्टर ने कहा कि बुजुर्ग दंपती ने अपनी परेशानी से अवगत कराया है. इस मामले में तुरंत एसपी ऋचा तोमर व मौलासर तहसीलदार को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.




















