किशनगढ़. अजमेर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे दिनदहाड़े भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डरते. मंगलवार को लूट की नीयत से हुई एक घटना में महिला की मौत हो गई. यह वारदात सिलोरा क्षेत्र में उस समय हुई जब एक दंपति उदयपुर कला से किशनगढ़ आ रहा था.
जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दंपति को बदमाशों ने रास्ते में रोका और लूटपाट शुरू कर दी. मृतका संजू के आभूषण छीनने के दौरान उसका गला कट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. राहगीरों और परिजनों ने लहूलुहान हालत में संजू को राजकीय वाई.एन. अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही सीओ ग्रामीण उमेश गौतम और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे. शव को मोर्चरी में रखवाया गया और घायल पति रोहित का इलाज जारी है.
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के लोगों में भारी रोष है. बदमाश लूटे गए आभूषण लेकर फरार हो गए हैं. फिलहाल शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है.




















