जोधपुर: जिले भर में भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया गया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हमें आज के दिन बहन की रक्षा के साथ स्वदेशी अपनाने का भी संकल्प लेना चाहिए. इससे हमारा देश और मजबूत होगा. शेखावत को उनके निवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राखी बांधी. केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले कि हमें आज के दिन स्वदेशी अपनाने का संकल्प देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएगा.यह स्वाभिमान बढ़ाएगा. देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम सब स्वदेशी अपनाकर राष्ट्र की सेवा करें.
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पर्व और त्योहारों पर होने वाली खरीद अर्थव्यवस्था को बूस्ट देती है. इसी तरह से शहर में तैनात सेना और बीएसएफ जवानों को भी विभिन्न महिला संगठनों ने राखी बांधी. जोधपुर केंद्रीय कारागृह में भी बंदियों को राखी बांधी गई. कारागृह के बाहर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों से मिलने पहुंची. जोधपुर के मंदिरों में बहनों ने ठाकुरजी और हनुमानजी को राखी बांधी. जोधपुर शहर के प्रसिद्ध अचलनाथजी मंदिर, संकटमोचन पाल बालाजी हनुमान मंदिर, लाल मैदान बालाजी मंदिर, शास्त्री नगर शनिधाम मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भक्तों की लंबी कतारें देखी गई.
उत्तराखंड की आपदा क्लाइमेट चेंज का नतीजा: उत्तराखंड की आपदा पर शेखावत ने कहा कि यह दुनिया में आए क्लाइमेंट चेंज का नतीजा है. इसके लिए पूरा विश्व जिम्मेदार है. इसका उपचार हमारे भारतीय ज्ञान में है. इसे लेकर पीएम ने दुनिया को संदेश दिया था कि पर्यावरणीय जीवन अपनाएं. हम जोधपुर के रहने वाले हैं, जहां प्रकृति के संरक्षण के लिए अमृता देवी सहित कितने लोगों ने अपना जीवन दे दिया. हमें इस तरह की विभीषिका के बाद इसके समाधान खोजने चाहिए.
जोधपुर सेंट्रल जेल में भावनाओं की डोर: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जोधपुर की सेंट्रल जेल में भावुक दृश्य दिखा. जायंट्स ग्रुप ऑफ उम्मीद और रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर की बहनों ने जेल में बंद कैदियों की कलाई पर प्रेम व भाईचारे की डोर के रूप में राखी बांधी. मिठाई खिलाकर भाईचारे और सौहार्द की मिठास भी बांटी. कई कैदी भावुक हो गए. पश्चाताप की भावना से भरे इन कैदियों ने बहनों के इस स्नेह और अपनत्व को दिल से स्वीकार किया. इस अवसर पर जेल अधीक्षक प्रदीप लखावत व अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
बीएसएफ जवानों को बांधे रक्षा सूत्र: श्याम भक्त सेवा संस्थान की महिला कार्यकर्ताओं ने राजस्थान बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय में बीएसएफ जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे. संस्थान अध्यक्ष मोनिका प्रजापत व सदस्यों ने परंपरागत तरीके से जवानों की आरती उतारी. तिलक लगाया और राखी बांधकर मिठाई खिलाई. सामूहिक रूप से रक्षाबंधन कार्यक्रम में बीएसएफ जवान भावुक और प्रफुल्लित नजर आए. जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज की कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष निरूपा पटवा की अगुवाई में जोधपुर मिलिट्री स्टेशन पर सेना के जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधे.




















