कोटा : रक्षाबंधन के मौके पर ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोटा से जयपुर के दुर्गापुरा स्टेशन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन शाम 18:40 बजे कोटा से रवाना होगी और लाखेरी, इंद्रगढ़, सवाई माधोपुर व वनस्थली निवाई स्टेशनों पर रुकेगी.
राखी को देखते हुए ट्रेनों में खासी भीड़ नजर आ रही है. इसके चलते रिजर्वेशन करा कर ट्रेनों में सफर कर रहे यात्री भी परेशान हो रहे हैं. रेलवे को काफी शिकायतें टोल फ्री नम्बर 139, ऑनलाइन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी मिल रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए रक्षाबंधन स्पेशल कोटा से जयपुर के दुर्गापुरा स्टेशन तक चलाई गई.
ट्रेन को चलाने की अनुमति भी कोटा रेल मंडल को दोपहर में मिली है. इसके बाद आनन-फानन में आदेश जारी कर दिए गए हैं. रेलवे ने शाम 5:00 बजे ट्रेन की टाइमिंग भी जारी कर दी है, जिसके अनुसार कोटा-दुर्गापुरा (जयपुर) रक्षाबंधन स्पेशल रेलसेवा कोटा से 18.40 बजे रवाना होकर रात 11:10 बजे दुर्गापुरा आएगी. इसी प्रकार दुर्गापुरा (जयपुर)-कोटा रक्षाबंधन स्पेशल रेलसेवा दिनांक दुर्गापुरा से रात 11:40 बजे रवाना होकर रविवार सुबह 4:00 बजे कोटा आएगी.
कोटा के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि प्लेटफार्म पर यात्रियों की संख्या ज्यादा है. साथ ही यात्रियों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने और अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है. इसके लिए ही अनरिजर्व्ड 11 कोच की ट्रेन कोटा से दुर्गापुरा के बीच चलाई गई है. जिसमें चार जनरल व पांच स्लीपर सहित 11 कोच हैं. ऐसे में रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त अनाउंसमेंट ट्रेन के संबंध में कर रहा है.
भोपाल से भी खाली आई थी स्पेशल ट्रेन : गुरुवार रात को कोटा से भोपाल के लिए एक और विशेष ट्रेन चलाई गई थी. यह ट्रेन कोटा से पूरी तरह खाली गई और भोपाल पहुंचने के बाद वहां से सुबह ट्रेन को रवाना किया गया. यह ट्रेन शुक्रवार रात 8:00 बजे कोटा लौटी, लेकिन इसमें भी यात्री बहुत कम थे, जबकि रेलवे ने दावा किया था कि भोपाल की दिशा में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ है, जिसे क्लियर करने के लिए यह ट्रेन भेजी गई थी.




















