जयपुर: राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ा खुलासा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) राजकुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है. एसओजी ने राजकुमार यादव के बेटे भरत यादव को भी दबोच लिया है. आरोप है कि राजकुमार ने अपने बेटे के लिए एसआई भर्ती का प्रश्नपत्र खरीदा था.
एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने बताया कि राजकुमार यादव और उसके बेटे भरत यादव को शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया गया है. दोनों को आज कोर्ट में पेश कर 12 अगस्त तक रिमांड पर लिया गया है. अब एसओजी इनसे गहन पूछताछ कर रही है, जिसमें पेपर लीक गिरोह से जुड़े और बड़े नामों के सामने आने की संभावना है.
लिखित में पास, फिजिकल में फेल: एसओजी की जांच में सामने आया है कि राजकुमार यादव ने अपने बेटे भरत यादव के लिए यह पेपर खरीदा था. भरत ने लिखित परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) में फेल हो गया, जिसके कारण उसका चयन नहीं हो सका. राजकुमार यादव राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं और जयपुर शहर पुलिस लाइन में तैनात रह चुके हैं. अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान वह उनकी सुरक्षा में तैनात था और वर्तमान में भी पीएसओ के रूप में कार्यरत हैं.
शिक्षक से खरीदा था पेपर: इससे पहले एसओजी ने इस मामले में शिक्षक कुंदन पंड्या को गिरफ्तार किया था. कुंदन पंड्या, राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा का करीबी माना जाता है. जांच में पता चला है कि बाबूलाल कटारा से एसआई भर्ती का पेपर कुंदन पंड्या ने लिया और आगे बेचा. राजकुमार यादव ने अपने बेटे के लिए यही पेपर कुंदन पंड्या से खरीदा था.
अब तक 120 गिरफ्तारियां: एसआई भर्ती पेपर लीक मामले में एसओजी अब तक 120 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें 55 प्रशिक्षु उप निरीक्षक शामिल हैं. एसओजी का दावा है कि इस नेटवर्क में कई स्तर पर लोग जुड़े हुए हैं और अब रिमांड पर पूछताछ से और अहम खुलासे हो सकते हैं.




















