डीडवाना-कुचामन : जिले के परबतसर उपखंड के ग्राम भकरी में शुक्रवार एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला. मृतक की पहचान अजीम पुत्र पूसा शाह निवासी भकरी के रूप में हुई है, जो चार महीने पहले रोजगार के लिए सऊदी अरब गया था. अजीम गुरुवार को ही गांव लौटा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा और शुक्रवार को उसका शव मिला है.
परबतसर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिनेंद्र जैन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है. परिजनों की मांग है कि जांच की जाए. वे यह भी जानना चाहते हैं कि विदेश में रहने के दौरान अजीम का किसी से कोई विवाद था या नहीं. मृतक जे पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
ग्रामीणों ने देखा शव : खेड़ी रोड से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर युवक के शव पर पड़ी थी. पहचान करने पर पता चला कि वह अजीम है. ग्रामीणों ने तुरंत पीलवा थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर थानाधिकारी विनोद मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. साथ ही एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है. मृतक के पिता पूसा शाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चार महीने पहले गया था सऊदी अरब : जानकारी के अनुसार अजीम करीब चार महीने पहले सऊदी अरब रोजगार के लिए गया था. गुरुवार को ही वह अपने एक रिश्तेदार के साथ भकरी लौटा, लेकिन किसी कारणवश सीधे घर नहीं पहुंचा. शुक्रवार को उसका शव मिला है.




















