जोधपुर: शहर के एक स्कूल के हॉस्टल में छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है. वार्डन पर छात्र से बेरहमी से मारपीट के आरोप हैं. छात्र के परिजनों ने कार्रवाई की मांग की तो संचालन कमेटी ने बातचीत से मामला निपटाने का दबाव बनाया. ऐसा नहीं करने पर परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की धमकी दी. हालांकि छात्र के परिजन अड़े रहे और वार्डन के खिलाफ देवनगर थाने में मामला दर्ज कराया. इस बीच, पीड़ित छात्र का वीडियो सामने आया, जिसमें वह आपबीती सुना रहा है.
देवनगर थाना प्रभारी सोमकरण ने बताया कि 4 अगस्त को हॉस्टल में वॉर्डन रमेश पटेल पर छात्र से मारपीट की रिपोर्ट मिली. इस पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. स्कूल में पढ़ने वाले छात्र का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वह बता रहा है कि 4 अगस्त को स्कूल परिसर के हॉस्टल में दोस्तों के साथ मजाक कर था कि वॉर्डन रमेश पटेल आए और मुझे और मेरे एक साथी के साथ मारपीट की. वार्डन ने मुझे एक घंटे मुर्गा बनाए रखा. उसके बाद पांव व पीठ पर डंडे मारे.
कमेटी ने बनाया दबाव: वीडियो में छात्र बता रहा है कि हम दोनों के साथ मारपीट की गई. इसके बाद जब हमने कमेटी में शिकायत की. कमेटी के लोगों ने हमारे पर दबाव बनाया. मेरे एक साथी के साथ मारपीट हुई थी, उसके परिजन दबाव में आ गए. हमने वॉर्डन पर कार्रवाई की बात कही तो हमें कहा कि तुम्हारे खिलाफ कार्रवाई होगी. मारपीट के बाद का वीडियो वायरल क्यों किया? माफी मांगने का दबाव बनाया गया.




















