चाकसू : जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र स्थित बरखेड़ा-चंदलाई टोल प्लाजा पर 30-35 बदमाशों ने टोल सुपरवाइजर के साथ लूटपाट व मारपीट की. आरोपियों ने सुपरवाइजर को पीटा और गले से चांदी की चेन, अंगूठियां व जेब से नकदी निकाल ली. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए. घटना टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई.
एएसआई घनश्याम ने बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे सफेद एसयूवी टोल प्लाजा के बूथ नंबर पांच पर पहुंची. शिवदासपुरा निवासी वाहन सवार रामलाल मीणा ने टोल देने से मना कर दिया. इस पर उसकी टोलकर्मी से बहस हुई. टोल सुपरवाइजर विरेंद्र सिंह राजावत ने मीणा से पहचान पत्र मांगा तो वह गाली गलौच करने लगा व मारपीट कर दी. साथ आरोपी मीणा देख लेने की धमकी दे गया.
अगले दिन फिर लौटे: धमकी देने के अगले दिन गुरुवार सुबह 11:11 बजे रामलाल मीणा दोबारा दूसरे वाहन से आया. उसके साथ करीब 30–35 युवक थे. इन लोगों ने बूथ पर तैनात सुपरवाइजर विरेंद्र सिंह को केबिन से खींचकर निकाला और लात-घूंसों व लाठियों से पीटा. हमलावर गले से करीब 250 ग्राम चांदी की चेन, दो चांदी की अंगूठियां व 1820 नकद छीन ले गए. मारपीट से टोल प्लाजा पर हड़कंप मच गया. कर्मचारी दहशत में इधर-उधर भागने लगे. आरोपियों ने टोल परिसर में तोड़फोड़ भी की. घटना की जानकारी मिलते ही टोल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सुपरवाइजर का मेडिकल कराया. उसके गले पर खरोंच व शरीर पर चोटों की पुष्टि हुई.
जांच एएसआई को: घटना को लेकर टोल प्रबंधन की ओर से लाइजनिंग मैनेजर अरविन्द गौतम ने शिवदासपुरा थाने में मामला दर्ज कराया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई घनश्याम को सौंपी. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है.




















