बाड़मेर : सरहदी जिले बाड़मेर में बुधवार को कौमी एकता का अनूठा संगम देखने को मिला. यहां सर्वधर्म समभाव के भाई-बहन ने एक दूजे को रक्षा सूत्र बांधकर गंगा जमुनी तहजीब व सामाजिक सद्भाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया. दरसअल, रक्षाबंधन के पर्व को लेकर ऑल इंडिया कौमी एकता कमेटी व ब्रह्मा कुमारी आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में दिव्य ज्योति भवन में कौमी एकता व स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया.
ब्रह्माकुमारी की प्रमुखा बी. के. बबीता, बी. के. सुशीला बहन, धनाऊ प्रधान शामा बानो, भाजपा महामंत्री रेखा चंडक, सुशील सहित अन्य बहनों ने अतिथियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर मीठा मुंह करवाया. समारोह में सभी धर्म के भाई-बहनों ने शिरकत कर गंगा जमुनी तहजीब का संदेश दिया.
ब्रह्माकुमारी आश्रम की प्रमुखा बी. के. बबिता बहन ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम और स्नेह का धागा है और यह रक्षा का भी प्रतीक है. कौमी एकता कमेटी हर साल इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करती है, ताकि जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द, आपसी भाइचारा और सर्वधर्म समभाव का संदेश आमजन तक पहुंचाया जा सके.
धनाऊ प्रधान शामा बानो ने कहा कि यहां के लोग एक-दूजे के धर्म और मजहब का सम्मान करते हैं. ईद, होली, दीपावली में एक-दूजे को मुबारकबाद पेश कर घर-घर जाते हैं, मिलकर पर्व मनाते हैं. बाड़मेर जिला अपने आप में कौमी एकता की अनूठी मिसाल है. अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत ने कहा कि बाड़मेर में सदियों से आपसी प्रेम, सौहार्द का भाइचारा चला आ है, जो काबिले तारीफ है. उन्होंने जिले के लोगों को बधाई देते हुए इस आपसी प्रेम सौहार्द कायम रखने की बात कही.
इस दौरान अबरार मोहम्मद, एडवोकेट मुकेश जैन, प्रवक्ता सुरेश जाटोल, मुस्कान मेघवाल, जितेंद्र जाटोल सहित कौमी एकता कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन हरीश जंगिड़ ने किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया.




















