जोधपुर : राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की वजह से बरतुल्लाह खान स्टेडियम के आस-पास व चारों तरफ कड़ी सुरक्षा है. इस सुरक्षा के बाद भी कार में सवार चोरों ने निजी स्लीपर बस से 180 लीटर डीजल चुरा लिया. स्लीपर बस स्टेडियम के पीछे रावण का चबूतरा मैदान के पास खड़ी थी. इसके नजदीक 100 मीटर स्थित गेट से 15 अगस्त को सीएम की एंट्री होगी. हाल ही में प्रदेश पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा विष्णुकांत ने यहां का जायजा लिया था. इसके अगले दिन ही घटना हो गई, जबकि पूरे स्टेडियम और आस पास आरएसी का जाप्ता तैनात किया गया है. आम जन के प्रवेश पर भी पाबंदी लगाई गई है. इसके बावजूद 100 मीटर की परिधि में यह घटना हो गई. मंगलवार तड़के हुई घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शास्त्रीनगर थाना पुलिस चोर गैंग की तलाश के प्रयास कर रही है.
थानाधिकारी जुल्फिकार ने बताया कि संभवत चोरों ने पंप का प्रयोग किया है. उनकी तलाश की जा रही है. दरअसल, सोमवार रात को एक निजी स्लीपर बस कल्पतरू शॉपिंग सेंटर में ट्रैवल्स ऑफिस के सामने स्टेडियम व रावण का चबूतरा मैदान की दीवार के पास खड़ी थी. मंगलवार तड़के 3: 45 बजे कार में दो-तीन बदमाश आए और बस के डीजल टैंक के ठीक पास कार खड़ी की और लॉक तोड़कर टैंक से डीजल चुरा लिया. करीब 180 लीटर डीजल चोरी करने का अंदेशा जताया गया है. चंद मिनटों में ही डीजल चोरी कर बदमाश कार लेकर रफ्फूचक्कर हो गए. ट्रैवल्स कम्पनी के मैनेजर हितेश प्रजापत ने चोरी का मामला दर्ज कराया है.
पंप से मिनटों में निकाला डीजल : सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि चोरों ने शिफ्ट कार बस के डीजल टैंक से सटा कर खड़ी की थी. अंदेशा है कि इसके बाद टैंक का लॉक तोड़ कर पाइप से डीजल निकाला गया है. इसके लिए किसी पंप का प्रयोग किया गया है. इससे कुछ मिनटों में ही डीजल कार में रखे जरीकेन में भरा और वहां से भाग गए.
पुलिस की लगातार गश्त, फिर भी चोरी : बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में 15 अगस्त को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह होना है. स्टेडियम के चारों तरफ सुरक्षा बढ़ी हुई है. आरएसी का जाप्ता तैनात है. रात को ही नहीं, दिन में भी लगातार गश्त की जा रही है. बस जहां खड़ी थी, उसके 100 मीटर दूरी पर आरएसी का जाप्ता तैनात था. इसके बावजूद चोर धड़ल्ले से बस में से डीजल चुराकर ले भागे.
डीसीपी ने कहा स्टेडियम सुरक्षा एजेंसियों के हवाले: डीसीपी पश्चिम विनीत बंसल ने हाल ही में दावा किया था कि राज्य स्तरीय आयोजन को ध्यान में रखते हुए पूरा स्टेडियम परिसर सुरक्षा एजेंसियों के हवाले है. ऐसे में कोई आम जन वहां नहीं जाए. अधिकृत को ही वहां प्रवेश अनुमत है. ज्ञात रहे स्टेडियम की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार यहां प्रशासनिक अधिकारियों के दौरे हो रहे हैं.




















