फलोदी : मंगलवार दोपहर सरे राह युवती पर एसिड अटैक की घटना हुई. इसमें युवती का हाथ और पैर जल गए. गनीमत रही कि एसिड चेहरे पर नहीं गिरा. युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना को लेकर लोगों में आक्रोश दिखा. वहीं पुलिस ने आरोपी को दस्तयाब कर देर रात गिरफ्तार कर लिया.
फलोदी थानाधिकारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि पीड़िता के पिता ने मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. जांच जारी है. पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी 23 वर्षीय पुत्री दोपहर में बाजार जा रही थी. वह गली से गुजर रही थी कि आरोपी ने उस पर तेजाब से भरी कांच की बोतल फेंकी. तेजाब की बोतल सामने दीवार से टकराई और युवती के हाथों और पैरों पर तेजाब गिरा. इससे वह झुलस गई. युवती की चीख सुनकर आसपास के लोग आए और संभाला. परिजनों को सूचना दी गई. युवती को तुरंत फलोदी जिला अस्पताल ले जाया गया.
आक्रोशित लोग एकत्र: घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. उन्होंने रोष जताया. आमजन ने सख्त कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की. मौके पर पुलिस भी तुरंत पहुंची और हालात पर नियंत्रण पाया. युवती के पर्चा बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया.
भाई-बहन पर आरोप: पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट में आरोपी के अलावा उसकी बहन और एक अन्य युवक को भी घटना में शामिल बताया है. आरोप है कि तेजाब फेंकने के समय ये दोनों भी साथ थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया. घटना की गंभीरता को देखते व्यापक स्तर पर जांच शुरू की.




















