जोधपुर: निकटवर्ती फलोदी जिले के पुलिस के कांस्टेबल की मंगलवार सुबह टांके में डूबने से मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गए. जवान को अंतिम विदाई देने के लिए पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे. शव पर पुष्प चक्र अर्पित किए. प्राप्त जानकारी के अनुसार फलोदी जिले के खारा क्षेत्र के हनुमानपुरा गांव निवासी अशोक विश्नोई मंगलवार सुबह घर के परिसर में बने पानी के टांके से पानी भर रहे थे.
इस दौरान सुबह के अंधेरे में उनका पैर फिसल गया और वे सीधे टांके में गिर गए. हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में पोकरण के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पोस्टमार्टम कर शव को फलोदी रिजर्व पुलिस लाइन लाया गया. जहां पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अपने साथी को अंतिम विदाई दी. इसके बाद शव को पैतृक गांव लाकर अंतिम संस्कार किया गया.
मृतक कांस्टेबल अशोक विश्नोई फलोदी एएसपी कार्यालय में तैनात थे. विश्नोई करीबन 15 साल पहले विवाह बंधन में बंधे थेच. उनके परिवार में दो बेटे हैं. बड़ा पुत्र 14 वर्ष का और छोटा 12 वर्ष का है. अशोक तीन भाइयों में एक थे और उनकी एक बहन भी है. बड़ा भाई फरसाराम आर्मी में कार्यरत हैं. उनके छोटे भाई पुनाराम विश्नोई रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि पिता कानाराम भादू रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं.




















