झालावाड़: मनोहरथाना कस्बे के पीपलोदी स्कूल हादसे के बाद जिला प्रशासन स्कूलों को लेकर पूरी तरह से अलर्ट है. जिले में भारी बारिश के अलर्ट व शिक्षा विभाग के सर्वे में 448 जर्जर स्कूल मिलने के बाद जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कक्षा 1 से 12 तक के बच्चों का अवकाश 6 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला लिया है.
इससे पहले भारी बारिश के दौरान जिला कलेक्टर के द्वारा सभी राजकीय तथा निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के बच्चों का अवकाश 2 अगस्त तक घोषित किया था. इस संबंध में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि पीपलोदी स्कूल हादसे के बाद जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के निर्देश पर जिले के जर्जर स्कूलों का सर्वे कराया गया है. जिसमें शिक्षा विभाग के 448 भवन जर्जर मिले हैं. ऐसे में इन स्कूलों को पूर्णतया प्रतिबन्धित करके शिक्षण कार्य की समस्त गतिविधियों को बंद कर दिया गया है. वहीं स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए विद्यालय प्रबंध समिति एवं विद्यालय विकास समिति द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं.
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अब विभाग ने सभी राजकीय/गैर राजकीय विद्यालयों के संस्था प्रधानों से भवन सुरक्षा प्रमाण पत्र लेने की कार्यवाही किए जाने के बाद ही स्कूल संचालक करने को कहा है. इन सभी परिस्थितियों और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूर्व में घोषित अवकाश को 6 अगस्त तक बढ़ाया जा रहा है. जिला कलेक्टर ने कहा कि यह अवकाश केवल छात्र/छात्राओं के लिए लागू रहेगा. जिले के समस्त संस्था प्रधानों को निर्देशित किया जाता है कि इन आदेशों की अक्षरशः पालना करना सुनिश्चित करें. यदि कोई संस्था प्रधान उक्त अवधि के दौरान कक्षा संचालन करता पाया जाता है, तो उसके विरूद्ध आपदा प्रबन्धन अधिनियम 2005 के नियमानुसार अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि मनोहर थाना के पीपलोदी स्कूल में करीब एक सप्ताह पहले प्रार्थना के दौरान कमरे की छत गिर जाने से करीब 32 बच्चे मलबे में दब गए थे. जिनमें 7 बच्चों की मौत हो गई थी और 20 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हादसे के बाद शिक्षा विभाग ने जर्जर भवनों का तुरंत सर्वे करने के निर्देश दिए थे.




















