जोधपुर: शहर के विवेक विहार थाना क्षेत्र के मोगड़ा कलां और टाटियों की ढाणी के पास शनिवार शाम चचेरे भाई ने ही भाई के सिर पर वार कर हत्या कर दी. आरोपी ने मृतक की पत्नी और बेटे पर भी वार करने की कोशिश की, लेकिन ये दोनों बच गए. पुलिस आरोपी को तलाश रही है. आरोपी मोबाइल नहीं रखता है, जिसके चलते उसे ट्रैक करने में दिक्कत आ रही है.
थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि मोगड़ा कलां निवासी खंगाराराम उर्फ वेनाराम (48) पुत्र लुंबाराम जाट अपने चचेरे भाई मोगड़ा कलां निवासी अशोक (32) पुत्र जयराम जाट के घर कुछ दिन से लोहे की जाली, खिड़की बनाने का काम कर रहा था. शनिवार शाम करीब 5 बजे काम के दौरान दोनों के लिए चाय आई. खंगाराराम ने तुरंत चाय पी ली. अशोक ने चाय का कप उठाया, तभी खंगाराराम ने लोहे का भारी पाइप उठाया. अशोक ने सोचा कि वह कोई काम कर रहा होगा. इस बीच खंगाराराम ने अशोक के सिर पर लोहे के पाइप से कई वार किए. अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया. तभी अशोक का बेटा आ गया. लहूलुहान पिता को जमीन पर पड़ा देख चिल्लाया. बेटे की चीख सुन मां भी आ गई. दोनों कुछ समझ पाते इससे पहले खंगाराराम ने उन पर हमले का प्रयास किया, लेकिन दोनों मां-बेटे बच गए.
इकलौता बेटा था: इसके बाद खंगाराराम मोटरसाइकिल से फरार हो गया. इस बीच अशोक के पिता भी मौके पर आए व लहूलुहान बेटे को अस्पताल ले गए, जहां से रैफर कर दिया. अशोक को लेकर बासनी के निजी अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची व शव एम्स की मोर्चरी में रखवाया. मृतक अशोक खेती बाड़ी करता था. वह पिता का इकलौता बेटा था. उसकी हत्या से गांव में सनसनी फैल गई. अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया.
मोबाइल की लाइट-आवाज से डरता आरोपी: डीसीपी (पूर्व) विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर पुलिस टीम बनाई, जो आरोपी की तलाश में जुटी है. पुलिस ने हत्या के आरोपी खंगाराराम की तलाश में कई जगह दबिश दी. फिलहाल आरोपी का सुराग नहीं मिला है. थानाधिकारी खदाव ने बताया कि आरोपी मोबाइल की लाइट और उसकी आवाज से डरता है. इसीलिए वह अपने पास मोबाइल नहीं रखता है. पुलिस उसके ठिकानों की तलाश कर रही है.




















