बांसवाड़ा: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को बांसवाड़ा दौरे पर रहे. यहां उन्होंने राज्य स्तरीय किसान संवाद कार्यक्रम में भाग लिया. सीएम ने पीएम किसान सम्मान निधि की 20 वीं किश्त भी जारी की और पीएम आवास योजना के 26 हजार लाभार्थियों को चाबियां सौंपी. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, अब ऊर्जा दाता भी बनेगा. सरकार किसानों के साथ खड़ी है. उनके हित में लगातार योजनाएं बना रही है. मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही 6 हजार रुपए की किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार ने 3 हजार रुपए और जोड़े थे. आने वाले समय में जल्द ही यह राशि बढ़ाकर 12 हजार रुपए तक की जाएगी.
सीएम शर्मा ने कहा कि वागड़ की धरती वीरों की भूमि है. मानगढ़ धाम शौर्य का प्रतीक है. यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है. इसके अलावा राजीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार काम कर रही है.
विपक्ष पर साधा निशाना: मुख्यमंत्री शर्मा ने मंच से विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि कुछ लोग कभी गरीबी में रहे ही नहीं, वे गरीबों की बात क्या समझेंगे? प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों और किसानों के लिए सोचकर जनधन योजना, किसान निधि जैसी योजनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने कहा था कि ‘ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा’. हमने उसी संकल्प को आगे बढ़ाया है. किसान हमारे देश की रीढ़ हैं’ हम उन्हें ऊर्जादाता बनाने के लिए हरसंभव काम कर रहे हैं.
मक्का प्रोसेसिंग यूनिट की घोषणा: मुख्यमंत्री शर्मा ने बांसवाड़ा में स्मारक, कालीबाई के नाम पर संग्रहालय और मक्का प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की घोषणा की. मुख्यमंत्री शर्मा सुबह 10:56 बजे हेलीकॉप्टर से बांसवाड़ा पहुंचे. पारंपरिक अंदाज में सीएम का उनका स्वागत किया गया. कार्यक्रम के बाद वे सलूंबर के झल्लारा स्थित धोलगढ़ धाम के लिए रवाना हुए.




















