बाड़मेर : बाड़मेर जिले के में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सांप ने दो बिल्ली के बच्चों को जिंदा निगल लिया. सूचना मिलने पर सांपों का रेस्क्यू करने वाले कोबरामैन मुकेश माली मौके पर पहुंचे. उन्होंने सांप को पकड़ने के लिए जब रेस्क्यू शुरू किया तो सांप ने एक के बाद एक दोनों बिल्ली के बच्चों को वापस उगल दिया. हालांकि, तब तक दोनों बिल्ली के बच्चों की मौत हो चुकी थी.
जिले के मूढो की ढाणी गांव में स्थित एक घर में सांप देखे जाने के बाद परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया. इसके बाद आनन-फानन में परिवार के लोगों ने इसकी सूचना सांपों के रेस्क्यू करने वाले कोबरामैन मुकेश माली को दी. सूचना मिलने पर मुकेश माली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. रेस्क्यू के दौरान जैसे ही सांप को पकड़ा उसने धीरे-धीरे करके एक के बाद एक दो बिल्ली की बच्चों को अपने मुंह से बाहर उगल दिया. इस घटना को देखकर आसपास के लोग हैरान रह गए.
मुकेश माली ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि मूढो की ढाणी में एक रहवासी घर में सांप घुस गया है. वहां जाकर पता चला कि इस घर में एक बिल्ली ने कुछ दिन पहले तीन बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन सांप ने बिल्ली के दो छोटे छोटे बच्चों को जिंदा निगल लिया है. जब रेस्क्यू करके सांप को पकड़ा तो उसने दोनों बिल्ली के बच्चों को वापस बाहर उगल दिया, लेकिन तब तक दोनों मर चुके थे. वहीं, सांप को रेस्क्यू के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है.
उन्होंने बताया सांप इंसान के हाथों की गर्मी को बर्दाश्त नहीं कर सकता है और डर के कारण सांप ने दोनों बिल्ली के बच्चों को बाहर उगल दिया. उन्होंने किसानों से बारिश के मौसम में खेतों में काम करते समय ध्यान रखने की अपील की. साथ ही कहा कि रात को घर से बाहर निकलें तो पैरों में शूज पहनकर और टॉर्च लेकर ही निकलें.




















