चूरू: कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने एक नामजद समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया. पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया. विप्र संगठनों ने हत्या के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की.
शहर कोतवाल सुखराम चोटिया ने बताया कि शहर की शेखावत कॉलोनी निवासी युवक ने रिपोर्ट दी कि कुछ लोग उसके छोटे भाई टीकूराम शर्मा (30) को बेरहमी से पीटकर गुरुवार देर रात शहर के FCI गोदाम के पास फेंककर चले गए. टीकू को गंभीर अवस्था में राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल की इमरर्जेंसी में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया. मृतक टीकूराम के परिजनों ने पुनरास, हॉल हाऊसिंग बोर्ड निवासी पृथ्वी सिंह व अन्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया.
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर भरतिया अस्पताल की मोर्चरी में मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कारवाई की. इधर, युवक की हत्या की सूचना पर विप्र संगठनों से जुड़े पदाधिकारी विश्वनाथ गुरू, सुधाकर सहल, कैलाश शर्मा,गोपीचंद शर्मा आदि अस्पताल पहुंचे और पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की.
मोर्चरी की हालत बद से बदत्तर: विप्र संगठन से जुड़े गोपीचंद शर्मा ने कहा कि जिला अस्पताल की मोर्चरी के हालात बद से बदतर है. मोर्चरी की छत से पानी टपक रहा है. रात से लाइट नहीं है. इसके चलते मोर्चरी के डी फ्रिज में रखे शव दुर्गंध मारने लगे हैं. जिला अस्पताल की मोर्चरी के पास खुले में बायो मेडिकल वेस्ट पड़ा है.




















