श्रीगंगानगर: जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत 6.17 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति फ्रीज की है. पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपी जीतू उर्फ जितेंद्र सिंह द्वारा नशा तस्करी से अर्जित होटल, मकान और जमीन को जब्त किया गया है. यह कार्रवाई मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही मुहिम में एक महत्वपूर्ण कदम है.
एएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया पुलिस द्वारा दस्तावेजों की गहन जांच और संपत्ति के मूल्यांकन के बाद कुल 6.17 करोड़ रुपए की संपत्ति को फ्रीज किया गया. गौरतलब है कि गत 10 मई को राजियासर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. प्रकरण में 4 क्विंटल 21 किलोग्राम डोडा पोस्त की बरामदगी हुई थी. अनुसंधान में खुलासा हुआ कि यह मादक पदार्थ जितेंद्र सिंह ने मंगवाया था. उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पूर्व में भी आरोपी पर दिसंबर 2019 में 8 किलोग्राम और जनवरी 2024 में 2 क्विंटल 75 किलोग्राम डोडा पोस्त को लेकर मामले दर्ज हो चुके हैं. जांच में सामने आया कि जीतू ने 2018 में पालीवाला में ढाबा शुरू किया और इसकी आड़ में नशे का अवैध कारोबार कर करोड़ों की संपत्ति अर्जित की. इस पैसे से उसने एक आलीशान मकान और राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर 3 बीघा जमीन पर होटल हवेली का निर्माण करवाया.




















