जयपुर : बुधवार को सचिवालय में SSO भवन का छज्जा भरभरा कर गिर गया. यह छज्जा एक कर्मचारी से करीब 1 फीट की दूरी पर गिरा. गनीमत यह रही कि इससे कर्मचारियों के कोई चोट नहीं आई. सचिवालय में बने स्वागत कक्ष से मुख्य भवन के रास्ते में यह छज्जा गिरा था. छज्जा गिरने की सूचना पर पीडब्ल्यूडी विभाग और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर कर्मचारियों को वहां से नहीं गुजरने के हिदायत दी.
सुबह छज्जा टूटकर गिरा था. सचिवालय में जहां भी छज्जे जर्जर हैं, वहां पर मरम्मत का काम चल रहा है. उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जहां छज्जा गिरा था, वहां से मलबा हटा दिया गया है और मरम्मत करवाई जा रही है.
इस मामले में राजस्थान कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ का कहना है कि सचिवालय में आए दिन फॉल सीलिंग और छज्जे गिरने की घटनाएं हो रही हैं. इससे कर्मचारियों में भी भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. सरकार को सचिवालय में तमाम इमारतों की मरम्मत का काम जल्द से जल्द करवाना चाहिए.
कई इमारतों के छज्जे जर्जर अवस्था में : दरअसल, सचिवालय में मुख्य भवन सहित कई इमारतों के छज्जे जर्जर अवस्था में हैं, जिन्हें अब रिपेयर करने का काम चल रहा है. मुख्य सचिव के पास वाली बिल्डिंग में भी तमाम छज्जों को रिपेयर किया जा रहा है. पिछले दो माह से वहां लोहे की बल्लियां लगाकर मरम्मत का काम किया जा रहा है. हालांकि, बरसात के चलते रिपेयर करने के काम में कारीगरों परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है.
सचिवालय की पार्किंग की हालत भी जर्जर : लगातार हो रही बारिश से सचिवालय की भूमिगत पार्किंग की हालत भी जर्जर हो चुकी है. कई पिलरों में दरारें आ चुकी हैं तो वहीं छत का प्लास्टर भी उखाड़ कर गिर रहा है. पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि बरसात के बाद भूमिगत पार्किंग की मरम्मत का काम शुरू होगा.
प्रदेश में राजधानी सहित कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से अब हादसे भी खूब हो रहे हैं. झालावाड़ के मनोहरपुरा में 5 दिन पहले स्कूल की छत गिरने से 7 बच्चों की मौत हो गई थी. वहीं, जैसलमेर में भी एक स्कूल के गेट का पिलर गिरने से छात्र की मौत हुई थी. प्रशासन की धूरी कहे जाने वाले शासन सचिवालय में भी इन दिनों फॉल सीलिंग और छज्जे गिरने के कई मामले सामने आ चुके हैं. हालांकि, गनीमत यह है कि इससे अभी तक कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ है.




















